Thursday, 30 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

झारखंड कक्षपाल भर्ती में 59,457 आवेदन रद्द. JSSC ने बताई बड़ी वजह, 1733 पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया

INT News29 July 2026 at 10:29 pm

रांची : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) ने झारखंड कक्षपाल प्रतियोगिता परीक्षा-2025 (विज्ञापन संख्या-07/2025) के तहत 59,457 अभ्यर्थियों के ऑनलाइन आवेदन रद्द कर दिए हैं. आयोग ने इसकी आधिकारिक सूचना जारी करते हुए बताया कि आवेदन विभिन्न तकनीकी और प्रक्रिया संबंधी कारणों से निरस्त किए गए हैं. राज्य सरकार की अधियाचना के आधार पर झारखंड की विभिन्न जेलों में 1733 कक्षपाल (वार्डर) के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए यह भर्ती प्रक्रिया चल रही है.

इन कारणों से रद्द हुए आवेदन

JSSC की ओर से जारी सूचना के अनुसार सबसे अधिक 41,526 अभ्यर्थियों ने केवल रजिस्ट्रेशन किया, लेकिन आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं की. ऐसे सभी आवेदन स्वतः रद्द कर दिए गए. इसके अलावा 14,403 अभ्यर्थियों ने आवेदन भरने के बाद परीक्षा शुल्क जमा नहीं किया. वहीं 2,378 अभ्यर्थियों ने शुल्क जमा करने के बावजूद फोटो और हस्ताक्षर अपलोड नहीं किए, जिसके कारण उनके आवेदन भी अमान्य हो गए.

आयोग ने यह भी बताया कि 1,150 अभ्यर्थियों ने समान नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि के साथ एक से अधिक आवेदन किए थे. ऐसे मामलों में अंतिम आवेदन को वैध मानते हुए पहले जमा किए गए आवेदन रद्द कर दिए गए.

जनवरी से फरवरी तक हुई थी आवेदन प्रक्रिया

झारखंड कक्षपाल प्रतियोगिता परीक्षा-2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन 9 जनवरी 2026 से 10 फरवरी 2026 की मध्यरात्रि तक स्वीकार किए गए थे. अब आवेदन जांच पूरी होने के बाद आयोग ने अमान्य आवेदनों की सूची जारी कर दी है.

आवेदन रद्द होने के प्रमुख कारण

केवल रजिस्ट्रेशन कर आवेदन पूरा नहीं किया – 41,526

आवेदन पूरा किया, लेकिन परीक्षा शुल्क जमा नहीं किया – 14,403

शुल्क जमा किया, लेकिन फोटो और हस्ताक्षर अपलोड नहीं किए – 2,378

एक से अधिक आवेदन करने पर पहले वाले आवेदन रद्द – 1,150

कुल रद्द आवेदन – 59,457

ये भी पढ़ें...

SIR in Jharkhand: 81.91 लाख मतदाता ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर, पहले चरण की अंतिम चरण जारी

झारखंड के किसान भी उतरेंगे सड़क पर. 10 अगस्त को देशभर में जेल भरो, रेल रोको और सड़क रोको आंदोलन