समाचार · मध्य प्रदेश
नदी में नहाने गया युवक तेज बहाव में बहा:छतरपुर में रातभर तलाश के बाद रेस्क्यू कर निकाला गया शव
छतरपुर जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र के हतनाई गांव में तरपेड नदी में नहाने गए एक युवक की तेज बहाव में बहने से मौत हो गई। बुधवार शाम हुई इस घटना के बाद रातभर उसकी तलाश की गई। जिसे कि गुरुवार को एनडीआरएफ, होमगार्ड और ईशानगर पुलिस की संयुक्त टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद युवक का शव बरामद किया। मृतक की पहचान हतनाई गांव निवासी संजू उर्फ सीताराम आदिवासी (28) के रूप में हुई है। बताया गया कि बुधवार शाम वह तरपेड नदी में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक नदी का जलस्तर बढ़ गया और वह तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक कोई सफलता नहीं मिली। गुरुवार को एनडीआरएफ, होमगार्ड और ईशानगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव नदी से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच की जा रही है। लगातार हो रही बारिश के कारण नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ रहा है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक रूप से नदी-नालों के पास न जाने और सावधानी बरतने की अपील की है।