national
IndiGo Flight: दिल्ली से चेन्नई जा रही फ्लाइट में पावर बैंक में लगी आग, हैदराबाद में इमरजेंसी लैंडिंग

IndiGo Flight Emergency Landing: दिल्ली से चेन्नई जा रही IndiGo की एक फ्लाइट को रविवार को इमरजेंसी में हैदराबाद डायवर्ट करना पड़ा. विमान में एक यात्री के पावर बैंक में आग लगने के बाद यह फैसला लिया गया. इसके बाद फ्लाइट को सुरक्षित रूप से हैदराबाद के शमशाबाद स्थित राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर उतारा गया.
विमान के केबिन में फैलने लगा धुआं
आधिकारिक जानकारी और एयरलाइन के बयान के मुताबिक, उड़ान के दौरान एक यात्री के पावर बैंक से धुआं निकलने लगा. इससे विमान में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी की स्थिति पैदा हो गई. फ्लाइट के क्रू ने तुरंत कार्रवाई करते हुए स्थिति को संभालने की कोशिश की. वहीं, पायलटों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विमान को हैदराबाद डायवर्ट करने का फैसला किया.
सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (RGIA) के एक अधिकारी ने बताया कि सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. एयरलाइन की ओर से यात्रियों को उनके गंतव्य चेन्नई तक पहुंचाने के लिए अगली उपलब्ध फ्लाइट में व्यवस्था की जाएगी.
IndiGo ने जताया खेद
इस घटना के बाद IndiGo ने यात्रियों को हुई असुविधा पर खेद जताया. एयरलाइन ने कहा कि प्रभावित यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई. साथ ही, यात्रियों को जलपान उपलब्ध कराया गया और उन्हें स्थिति से जुड़ी जानकारी दी गई.
एयरलाइन के प्रवक्ता ने बयान में कहा, “इस अप्रत्याशित स्थिति के कारण हमारे यात्रियों को हुई असुविधा के लिए हमें खेद है. हम जलपान उपलब्ध कराने और समय पर जानकारी साझा करने सहित असुविधा कम करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहे हैं. IndiGo में यात्रियों और क्रू की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है.