Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तराखंड

अंकिता भंडारी केस में मोड़: सुरेश राठौर और उर्मिला सनावर नार्को टेस्ट के लिए राजी

INT News24 October 2026 at 12:54 am

उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। इस मामले में कथित 'वीआईपी' की भूमिका की जांच के सिलसिले में उत्तराखंड के पूर्व विधायक सुरेश राठौर और खुद को उनकी पत्नी बताने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर शुक्रवार को यहां सीबीआई की अदालत में पेश हुए। दोनों ने नार्को-एनालिसिस टेस्ट कराने के लिए अपनी सहमति दे दी। इस मामले की अगली सुनवाई 26 अक्टूबर को निर्धारित की गई है। नार्को टेस्ट के लिए दी सहमतिसीबीआई की अदालत ने पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर को पेश होने के लिए नोटिस जारी किए थे। अदालत से बाहर आने के बाद राठौर ने बताया कि उन्होंने नार्को टेस्ट के लिए अपनी सहमति दे दी है। राठौर ने कहा कि उन्हें जांच एजेंसियों और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है तथा वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे।राठौर हरिद्वार जिले के ज्वालापुर क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रह चुके हैं। फिलहाल वह पार्टी से निष्कासित हैं। सनावर ने कहा कि वह पौड़ी से करीब ढाई हजार किलोमीटर दूर मुंबई में रहती हैं और अंकिता हत्याकांड से जुड़ी जानकारियां उन्हें राठौर के माध्यम से ही मिली थीं। उन्होंने भी नार्को टेस्ट के लिए अपनी सहमति देने की बात कही। हालांकि, सनावर ने कहा कि उन्होंने इसके लिए एक शर्त रखी है कि यह परीक्षण मीडिया के सामने कराया जाए, ताकि सभी जानकारियां सार्वजनिक हो सकें। इससे पहले, सीबीआई पिछले सप्ताह राठौर और सनावर से पूछताछ कर चुकी है।ऋषिकेश के पास स्थित वनंत्रा रिजॉर्ट में रिसेप्शनिस्ट के तौर पर काम करने वाली 19 वर्षीय अंकिता की 18 सितंबर 2022 को रिजॉर्ट के मालिक पुलकित आर्य ने अपने दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर और अंकित गुप्ता के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। इस मामले में तीनों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई है।हालांकि, पिछले साल दिसंबर में सोशल मीडिया पर राठौर और सनावर के बीच कथित बातचीत का एक ऑडियो वायरल होने के बाद अंकिता हत्याकांड फिर चर्चा में आ गया था। इस ऑडियो में कथित 'वीआईपी' की भूमिका और उसके नाम का जिक्र होने का दावा किया गया था।कांग्रेस समेत कई राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के दबाव तथा अंकिता के माता-पिता की मांग पर मुख्यमंत्री ने इस साल जनवरी में मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। हाल में भाजपा नेता दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के बाद यह मामला फिर सुर्खियों में आ गया। भाजपा के प्रदेश प्रभारी रह चुके गौतम की नियुक्ति के विरोध में राज्यभर में लगातार प्रदर्शन हुए। इस दौरान अंकिता के माता-पिता ने भी दिल्ली में इंडिया गेट पर धरना दिया और मामले की जांच में तेजी लाने के लिए सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की थी।