समाचार · झारखंड
चारों भाई बैठकर कर रहे थे जमीन पर बातचीत, तभी बड़े भाई ने रॉड से मारकर कर दी छोटे भाई की हत्या

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा में जमीन विवाद को लेकर बड़े भाई ने छोटे भाई की रॉड से मारकर हत्या कर दी. घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के तांबो स्थित बोदरा बासा की है. मृतक की पहचान राकेश कालुंडिया के रूप में हुई है. वह मूल रूप से मंझारी थाना क्षेत्र के सिनी गांव का रहने वाला था. घटना सोमवार दोपहर की है.
जानकारी के अनुसार, जमीन विवाद को लेकर चारों भाई बैठकर आपस में बातचीत कर रहे थे. इसी दौरान विवाद बढ़ गया और बड़े भाई अनिल कालुंडिया ने छोटे भाई राकेश के सिर पर रॉड से वार कर दिया. सिर में गंभीर चोट लगने के कारण राकेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी.
पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को किया गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. वहीं, पुलिस ने आरोपी अनिल कालुंडिया को गिरफ्तार कर लिया है.
ग्रामीणों के अनुसार, राकेश कालुंडिया चार भाइयों में सबसे छोटा था. जमीन विवाद को लेकर हुई इस घटना से इलाके में चर्चा का माहौल है.