Tuesday, 20 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

प्रतिमा विसर्जित करने पहुंचे श्रद्धालुओं पर मधुमक्खियों का हमला:देवास में मची भगदड़; 25 लोग घायल हुए, 13 अस्पताल में भर्ती

INT News19 October 2026 at 10:41 pm

देवास जिले के सोनकच्छ क्षेत्र के अगेरा गांव में माता की मूर्तियों के विसर्जन चल समारोह के दौरान मधुमक्खियों ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। घटना में करीब 25 लोग घायल हुए हैं। इनमें से लगभग 13 लोगों को सोनकच्छ के शासकीय सिविल अस्पताल और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। बीएमओ डॉ. शैलेंद्र ओरिया के मुताबिक, घायलों की स्थिति चिंताजनक नहीं है और उपचार से उनकी हालत में सुधार हो रहा है। 13 घायलों का अस्पताल में उपचार

ग्रामीणों के अनुसार, मधुमक्खियों के हमले में घायल 11 लोगों को निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जबकि दो का शासकीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। करीब एक दर्जन अन्य लोगों को भी मधुमक्खियों ने काटा, लेकिन परेशानी अधिक नहीं होने के कारण वे अस्पताल नहीं पहुंचे और घर चले गए। हमले के बाद चल समारोह में मची अफरा-तफरी

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, माता की मूर्तियों के विसर्जन के लिए चल समारोह निकाला जा रहा था। इसी दौरान मधुमक्खियों ने अचानक लोगों पर हमला कर दिया। इससे समारोह में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई। डीजे की आवाज से मधुमक्खियों के भड़कने की आशंका

ग्रामीणों ने आशंका जताई कि चल समारोह में बज रहे डीजे की तेज आवाज से पेड़ पर लगे छत्ते में बैठी मधुमक्खियां भड़क गई होंगी। हालांकि, हमले की वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हुई है।