समाचार · छत्तीसगढ़
रायपुर-दुर्ग समेत 7 जिलों में बारिश का अलर्ट:गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ेंगी, दो दिन बाद बस्तर के जिलों में बढ़ेगा असर
छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर एक्टिव होने वाला है। मौसम विभाग के मुताबिक आज (22 सितंबर) रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, बस्तर, बीजापुर, नारायणपुर, कांकेर समेत कई इलाकों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। प्रदेश में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया लगातार मजबूत हो रहा है। इसके असर से आज प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश बढ़ सकती है। यह सिस्टम कल यानी 23 सितंबर की सुबह के आसपास आंध्र प्रदेश और ओडिशा के तट के पास पहुंच सकता है। रायपुर में आज कैसा रहेगा मौसम आज यानी 22 सितंबर को रायपुर में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। अधिकतम तापमान करीब 32°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है। 24 सितंबर से बस्तर में बढ़ेगी बारिश की एक्टिविटी मौसम विभाग के मुताबिक 24 सितंबर को बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की भी आशंका है। हवाओं की रफ्तार 50-60 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक मौसमी बारिश फिलहाल सामान्य के आसपास है।