समाचार · मध्य प्रदेश
मंदसौर में बाइक के सामने अचानक नीलगाय आई:सड़क पर घिसटने से युवक को चेहरे पर 5 टांके, हाथ फ्रैक्चर; दोनों पैरों में भी चोट
मंदसौर-सीतामऊ रोड पर सोमवार रात एक सड़क हादसे में 20 साल का युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चिरमोलिया गांव के पास रात करीब 9 बजे बाइक के सामने अचानक नीलगाय आ जाने से यह हादसा हुआ। हादसे में कृष्णपाल सिंह (20) पिता राजपाल सिंह बाइक से गिरकर सड़क पर घिसटते हुए गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और कृष्णपाल को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें मंदसौर जिला अस्पताल भेज दिया। रात करीब 11 बजे कृष्णपाल को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। चेहरे पर सबसे ज्यादा चोट आई
परिजनों ने बताया कि कृष्णपाल के चेहरे पर सबसे ज्यादा चोट आई है। चेहरे पर करीब पांच टांके लगाए गए हैं। इसके अलावा एक हाथ में फ्रैक्चर हुआ है, जबकि दोनों पैरों में भी गंभीर चोटें आई हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है। कृष्णपाल के बड़े भाई प्रवीण सिंह ने बताया कि कृष्णपाल शेविंग कराने चिरमोलिया गांव आया था। वहां से बिलांत्री लौटते समय गांव से निकलते ही बाइक के सामने अचानक नीलगाय आ गई, जिससे यह हादसा हो गया।