Tuesday, 22 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

गुना में 10 मिनट में बाइक चोरी:गांव वालों ने घेराबंदी की, दो आरोपी पकड़े गए

INT News22 September 2026 at 07:50 am

गुना के बमोरी इलाके के ढिमरपुरा गांव में सोमवार शाम घर के बाहर खड़ी बाइक चोरी करने का मामला सामने आया। बाइक मालिक रतनलाल धाकड़ के मुताबिक उन्होंने करीब 10 मिनट पहले ही बाइक घर के बाहर खड़ी की थी और किसी काम से अंदर गए थे। इसी दौरान बाहर से आवाज आई। बाहर आकर देखा तो बाइक गायब थी। रतनलाल ने ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों ने बाइक लेकर भाग रहे लोगों का पीछा शुरू कर दिया। पीछा करने पर पता चला कि एक व्यक्ति रतनलाल की बाइक लेकर जा रहा था, जबकि उसके साथी दूसरी मोटरसाइकिल पर उसके साथ चल रहे थे। अलग-अलग रास्तों से भागे संदिग्ध ग्रामीणों ने अलग-अलग रास्तों से घेराबंदी शुरू कर दी और आसपास के गांवों में भी संदिग्धों के भागने की सूचना दी। बताया गया कि एक आरोपी बाइक लेकर जौहरी गांव होते हुए बमोरी की तरफ भागा, जबकि दूसरे लोग दूसरी मोटरसाइकिल से बर्धा गांव होते हुए फतेहगढ़ की ओर निकल गए। ग्रामीणों ने विष्णुपुरा गांव के पास घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ लिया। इस दौरान एक आरोपी मौके से भागने में सफल रहा। पूछताछ का वीडियो भी सामने आया पकड़े गए युवकों से ग्रामीणों ने पूछताछ की। इसका वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में युवक ढिमरपुरा से बाइक चोरी करने के प्रयास की बात स्वीकार करते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही घटना और आरोपियों की भूमिका की पुष्टि होगी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। ग्रामीणों द्वारा बरामद बाइक पुलिस को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस पकड़े गए दोनों युवकों से पूछताछ कर रही है और फरार आरोपी की तलाश में जुटी है। पकड़े गए/संदिग्ध आरोपियों के नाम साहिल खान पिता शाकिर खान, शकील खान पिता सलीम खान और शाहरुख खान पिता जाकिर खान, निवासी पटेल नगर, कैंट गुना बताए गए हैं। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है।