Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

नीट पेपर लीक विरोध में छात्रों ने निकाला कैंडल मार्च:धार में तिरंगा और मोमबत्तियां लेकर निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई की मांग

INT News21 July 2026 at 10:07 pm

धार में नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के विरोध में मंगलवार रात बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं सड़कों पर उतर आए। छात्रों ने घोड़ा चौपाटी चौराहे से त्रिमूर्ति नगर तक कैंडल मार्च निकालकर निष्पक्ष जांच, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की। मार्च के दौरान छात्र हाथों में तिरंगा और मोमबत्तियां लेकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध जताते रहे। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाएं लाखों मेहनती विद्यार्थियों के भविष्य के साथ अन्याय हैं। उनका कहना था कि वर्षों की मेहनत के बाद भी यदि परीक्षा प्रक्रिया पर सवाल उठते हैं, तो युवाओं का परीक्षा प्रणाली से विश्वास कमजोर होता है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। अंबेडकर प्रतिमा पर जलाए दीप, जताई एकजुटता कैंडल मार्च त्रिमूर्ति नगर पहुंचकर समाप्त हुआ। यहां छात्रों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर मोमबत्तियां जलाकर श्रद्धांजलि अर्पित की और नीट पेपर लीक से प्रभावित अभ्यर्थियों के प्रति एकजुटता जताई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों पर हुई पुलिस कार्रवाई का भी विरोध जताया। उनका कहना था कि शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले विद्यार्थियों की आवाज सुनी जानी चाहिए। छात्रों ने मांग की कि भविष्य में सभी प्रतियोगी परीक्षाओं की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और सुरक्षित बनाई जाए, ताकि किसी भी अभ्यर्थी के भविष्य के साथ अन्याय न हो और चयन केवल प्रतिभा के आधार पर सुनिश्चित हो सके।