Tuesday, 22 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

उज्जैन में गुपचुप मिठाई में रेंगते मिले कीड़े:कस्टमर ने फूड विभाग से शिकायत की, टीम ने सैंपल जांच के लिए भेजे

INT News22 September 2026 at 07:44 am

उज्जैन के कोयला फाटक स्थित लाला श्री मिष्ठान भंडार की गुपचुप मिठाई में कीड़े मिलने और बदबू आने की शिकायत सामने आई है। ग्राहक ने घर पहुंचकर पैकेट खोला तो मिठाई पर कीड़े रेंगते मिले। उसने मिठाई के फोटो खींचकर फूड विभाग में ऑनलाइन शिकायत की। शिकायत के बाद सोमवार शाम फूड विभाग की टीम दुकान और मिठाई बनाने वाले कारखाने पर पहुंची। टीम ने मिठाई के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे हैं। कोयला फाटक निवासी चेतन शर्मा ने बताया कि उन्होंने सोमवार सुबह दुकान से 250 ग्राम गुपचुप मिठाई खरीदी थी। इसके लिए 170 रुपए दिए थे। घर पहुंचकर पैकेट खोला तो मिठाई में कीड़े रेंग रहे थे और बदबू भी आ रही थी। शर्मा ने मिठाई के फोटो लेकर शिकायत की। उनका कहना है कि इससे पहले भी दुकान से खराब मिठाई मिली थी। तब शिकायत करने पर दुकान संचालक ने दूसरी मिठाई दी थी। संचालक बोले- ट्रे चेक की, खराब होने पर पैसे लौटाएंगे दुकान संचालक राजकुमार गुप्ता ने बताया कि जिस ट्रे से ग्राहक को गुपचुप मिठाई दी गई थी, उसे चेक किया गया है। ट्रे ठीक मिली है। उन्होंने ग्राहक से मिठाई वापस लाने को कहा है। गुप्ता के अनुसार मिठाई खराब मिलने पर उसे बदल दिया जाएगा, नहीं तो ग्राहक के रुपए वापस कर दिए जाएंगे। फूड विभाग ने कारखाना भी देखा फूड ऑफिसर बसंत दत्त शर्मा ने बताया कि ऑनलाइन शिकायत में गुपचुप मिठाई में फंगस होने की बात कही गई थी। टीम ने दुकान के साथ मिठाई बनाने वाले कारखाने का भी निरीक्षण किया। शिकायत वाली मिठाई का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।