समाचार · छत्तीसगढ़
सोशल मीडिया में शाह-अफसरों पर आपत्तिजनक टिप्पणी...VIDEO:अकाउंट संचालक के खिलाफ शिकायत, पुलिस ने केस दर्ज करके शुरू की तलाश
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के अधिकारियों समेत प्रतिष्ठित लोगों को लेकर आपत्तिजनक एवं भ्रामक सामग्री प्रसारित करने का मामला सामने आया है। मामले में रायपुर के सिविल लाइन थाने में शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब पढ़े क्या है पूरा मामला शिकायतकर्ता अमन यादव, निवासी श्याम नगर तेलीबांधा, रायपुर ने पुलिस को बताया कि इंस्टाग्राम पर cg_motu_patlu_18 और cg_motu_patlu_1257 नाम से संचालित अकाउंट से लगातार आपत्तिजनक पोस्ट और वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। आरोप है कि इन पोस्ट में छत्तीसगढ़ की जनता के साथ-साथ समाज और प्रशासन से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तियों के लिए अभद्र एवं अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया गया है। शिकायत में कहा गया है कि अकाउंट से प्रसारित सामग्री में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अधिकारियों का वीडियो डालकर भी टिप्पणी की गई है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, पोस्ट और वीडियो को इस तरह तैयार किया जा रहा है कि संबंधित लोगों की सार्वजनिक और सामाजिक छवि प्रभावित हो। साथ ही सोशल मीडिया देखने वाले लोगों के बीच उनके व्यक्तित्व और कार्यप्रणाली को लेकर गलत या भ्रामक धारणा बन सकती है। शिकायतकर्ता ने कहा- अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता की सीमा से बाहर अमन यादव ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा कि किसी व्यक्ति की आलोचना या टिप्पणी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हिस्सा हो सकती है। लेकिन जानबूझकर झूठी, भ्रामक, अश्लील या आपत्तिजनक सामग्री के जरिए किसी की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना अलग मामला है। उन्होंने दोनों इंस्टाग्राम अकाउंट की जांच कर उनके संचालकों की पहचान करने और नियमानुसार कार्रवाई की मांग की। अकाउंट की गतिविधियों की जांच सिविल लाइन निरीक्षक यामन देवांगन ने बताया, कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर सोशल मीडिया अकाउंट की गतिविधियों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पोस्ट और वीडियो की सामग्री, अकाउंट संचालक और सोशल मीडिया पर इसके प्रसार से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।