national
दिल्ली में 20 जुलाई के प्रदर्शन में गोली चलने का क्या है सच? पुलिस के फैक्ट चेक ने खोली पोल

दिल्ली के जंतर मंतर पर 20 जुलाई 2026 को हुए प्रदर्शन के दौरान एक प्रदर्शनकारी को गोली लगने का दावा सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था. अब दिल्ली पुलिस ने आधिकारिक फैक्ट चेक जारी करते हुए इन दावों को खारिज कर दिया है. एएनआई न्यूज एजेंसी के मुताबिक, पुलिस ने मेडिकल लीगल केस (MLC) की रिपोर्ट में कहीं भी गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है. रिपोर्ट में दाहिने कान के सामने (ट्रेगस) पर कुंद वस्तु (ब्लंट) से लगी साधारण चोट का उल्लेख है, जिसे डॉक्टरों ने सामान्य चोट बताया है.
MLC रिपोर्ट ने बदल दी पूरी कहानी
दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा कि मेडिकल रिपोर्ट में गोली लगने का कोई सबूत नहीं मिला. डॉक्टरों की राय के मुताबिक घायल व्यक्ति को केवल साधारण चोट आई थी और यह चोट किसी कुंद वस्तु से लगी थी. ऐसे में सोशल मीडिया पर चल रहे गोली लगने के दावे मेडिकल तथ्यों से मेल नहीं खाते. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले आधिकारिक स्रोतों से उसकी पुष्टि जरूर करें.
दिल्ली पुलिस ने कहा कि घायल व्यक्ति के मेडिकल लीगल केस (MLC) की रिपोर्ट में कहीं भी गोली लगने की पुष्टि नहीं हुई है. मेडिकल रिपोर्ट में दाहिने कान के सामने (ट्रेगस) पर कुंद वस्तु (ब्लंट) से लगी साधारण चोट का उल्लेख है, जिसे डॉक्टरों ने सामान्य चोट बताया है.
संसद में भी गूंजा था प्रदर्शन का मुद्दा
यह मामला केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहा. संसद में भी इस मुद्दे को लेकर तीखी बहस हुई. विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए थे. वहीं केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने इन आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए कहा था कि प्रदर्शन के दौरान किसी प्रकार की फायरिंग नहीं हुई.
अफवाहों पर सख्ती, लोगों से सतर्क रहने की अपील
दिल्ली पुलिस का यह फैक्ट चेक ऐसे समय आया है जब सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी तेजी से फैल रही है. पुलिस ने स्पष्ट किया कि अफवाहें कानून-व्यवस्था की स्थिति को प्रभावित कर सकती हैं. इसलिए नागरिक केवल प्रमाणित और आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें. इस घटनाक्रम ने एक बार फिर यह दिखाया है कि वायरल दावे हमेशा सच नहीं होते और किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले तथ्यों की जांच जरूरी है.
यह भी पढ़ें- अमित शाह पर विवादित टिप्पणी: राहुल गांधी ने कहा- मैं BJP, RSS से कभी माफी नहीं मांगूंगा