समाचार · मध्य प्रदेश
छोटे भाई की हत्या के आरोप में बड़ा भाई गिरफ्तार:शहडोल में 4 महीने बाद खुला राज, पहले सड़क हादसा मानकर हुई थी जांच
शहडोल के जैतपुर थाना क्षेत्र के कोसम टोला में करीब चार महीने पहले 40 साल के अमीराज सिंह की मौत हुई थी। इस मामले में अब पुलिस ने हत्या का केस दर्ज किया है। जांच के दौरान सामने आई जानकारी और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मृतक के बड़े भाई ऋषिराज सिंह को आरोपी बनाया है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
शुरुआती जांच में इस घटना को सड़क हादसा माना गया था। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 29 मई की है। अमीराज सिंह का अपने बड़े भाई ऋषिराज सिंह से किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।
आरोप है कि झगड़े के दौरान ऋषिराज ने फावड़े से अमीराज पर हमला कर दिया। अमीराज जान बचाने के लिए घर से भागा, लेकिन घर के पास पुलिया के नजदीक सड़क पर गिर गया। बाद में पुलिस को सड़क पर एक व्यक्ति के मृत पड़े होने की सूचना मिली थी।
घटना के शुरुआती दौर में पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना मानकर केस दर्ज किया था। हालांकि, मृतक के परिवार ने उसी समय दोनों भाइयों के बीच झगड़े और मारपीट की जानकारी पुलिस को दी थी। परिवार ने हत्या की आशंका भी जताई थी, लेकिन उनका आरोप है कि उस समय मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों और अन्य संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए। जांच में दोनों भाइयों के बीच झगड़े और मारपीट की बात सामने आई। इसके बाद पुलिस को शक हुआ कि अमीराज की मौत सड़क हादसे के बजाय मारपीट के दौरान लगी चोटों से हुई है।
नए थाना प्रभारी के पदभार संभालने के बाद मामले की जांच को आगे बढ़ाया गया। पुलिस ने उपलब्ध जानकारी और गवाहों के बयानों के आधार पर ऋषिराज सिंह के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया।
पुलिस ने ऋषिराज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों और सबूतों की भी जांच कर रही है।