समाचार · मध्य प्रदेश
डिवाइडर से टकराई बाइक, उछलकर सड़क पर गिरा युवक:सिर में गंभीर चोट, मनगवां से हनुमना जा रहा था, मऊगंज अस्पताल में भर्ती
मऊगंज जिले में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा मनगवां-हनुमना मार्ग पर गुरु वशिष्ठ हॉस्पिटल के सामने हुआ, जिसमें बाइक सवार के सिर में गंभीर चोट आई है। दुर्घटना के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के मुताबिक हादसा रविवार रात करीब 10 बजे हुआ। बाइक सवार मनगवां की तरफ से हनुमना की ओर जा रहा था, तभी अस्पताल के सामने बाइक अचानक बेकाबू हो गई और सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक उछलकर सड़क पर जा गिरा। पहचान पत्र से हुई घायल की शिनाख्त अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद युवक के पास मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त पुष्पेंद्र कुमार कोल (47, पिता सौखी लाल कोल) के रूप में हुई है, जो मनगवां थाना क्षेत्र के सुरा गांव के निवासी हैं। अस्पताल में गंभीर हालत में इलाज जारी सिर पर गहरी चोट लगने के कारण पुष्पेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है और सिविल अस्पताल मऊगंज के डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख में इलाज कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही मऊगंज पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है।