समाचार · मध्य प्रदेश
भोपाल में कॉलोनी गार्ड के सामने पिस्तौल लहराने वाले गिरफ्तार:वारदात में इस्तेमाल कार जब्त, नहीं मिला हथियार, पुलिस की जांच जारी
भोपाल के श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र की नादिर कॉलोनी में गेट पर तैनात गार्ड को पिस्तौल लहराकर धमकाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल सफेद रंग की ग्रैंड विटारा कार जब्त की है। वारदात में इस्तेमाल हथियार की तलाश अभी जारी है। घटना 18 सितंबर की रात करीब 1:30 बजे बाल भवन स्कूल के पास नादिर कॉलोनी के गेट पर हुई थी। पुलिस के मुताबिक सफेद कार में सवार चार युवक कॉलोनी के गेट पर पहुंचे थे। गार्ड ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया। इसी दौरान कार से एक युवक नीचे उतरा और गाली-गलौज करते हुए पिस्तौल लहराकर गार्ड को धमकाने लगा। इसके बाद आरोपी कार से मौके से फरार हो गए। शिकायत पर श्यामला हिल्स थाने में आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(ए), 351(2), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 25(1) बी के तहत केस दर्ज किया गया था। पुलिस के अनुसार जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से कार और आरोपियों की पहचान की गई। मामले में विक्रमादित्य उर्फ बॉबी (25), सोनू सोंधिया उर्फ सूरज सोंधिया (26), अजय राउत (29) और हर्ष उर्फ छोटू जोशी को पकड़ा गया। जांच में पता चला कि चारों ने घटना से पहले बॉबी के तुलसी नगर स्थित घर में शराब पार्टी की थी। इसके बाद रात करीब 12:45 बजे ग्रैंड विटारा से घूमने निकले और नादिर कॉलोनी पहुंचे। पुलिस अब पिस्तौल की तलाश कर रही है।