समाचार · मध्य प्रदेश
निवाड़ी में 24 घंटे की बारिश, ज्योरा-नाला पुल पर पानी:टीकमगढ़-झांसी मार्ग पर आवागमन प्रभावित; जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे लोग
निवाड़ी जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते ज्योरा नाला पुल पर पानी आ गया है। बुधवार तड़के करीब 3 बजे पुल के ऊपर तेज बहाव शुरू होने से टीकमगढ़-झांसी मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ। पानी के तेज बहाव के बीच भी लोग और वाहन पुल पार करते नजर आए, जिससे हादसे का खतरा बना हुआ है। जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। इसके चलते ज्योरा नाला का जलस्तर बढ़ गया और बुधवार तड़के करीब 3 बजे पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। तेज बहाव के कारण मार्ग पर आवाजाही प्रभावित हो गई। जान जोखिम में डालकर पुल पार कर रहे लोग पुल पर पानी का बहाव तेज होने के बावजूद कई लोग और वाहन चालक जोखिम उठाकर पुल पार करते दिखाई दिए। पानी के तेज बहाव के बीच पुल पार करने से किसी भी समय हादसा होने की आशंका बनी हुई है। पुल पर पानी आने के कारण दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुल पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है। नदी-नालों का बढ़ रहा जलस्तर लगातार बारिश के कारण जिले के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। नदी-नालों में पानी का स्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने प्रशासन से मांग की है कि तेज बहाव के दौरान लोगों को पुल पार करने से रोका जाए। संभावित दुर्घटना को देखते हुए मौके पर सुरक्षा इंतजाम किए जाने की जरूरत बताई गई है।