Friday, 31 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

देवघर के आसमान में दिखी आध्यात्म और तकनीक की अद्भुत झलक, शिवलोक परिसर में भव्य ड्रोन शो

INT News30 July 2026 at 11:58 pm

प्रमुख संवाददाता, देवघर

राजकीय श्रावणी मेला, 2026 को यादगार और भव्य बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से गुरुवार को शिवलोक परिसर में अत्याधुनिक ड्रोन शो का आयोजन किया गया. उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री सौरभ कुमार भुवानिया सहित जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को आध्यात्म और आधुनिक तकनीक के अनूठे संगम का अनुभव कराया.

आसमान में साकार हुई बाबा बैद्यनाथ की महिमा

रात 7:30 बजे के बाद जैसे ही सैकड़ों ड्रोन्स ने एक साथ उड़ान भरी, पूरा शिवलोक परिसर ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा. करीब 20 से 25 मिनट तक चले इस ड्रोन शो में रंग-बिरंगी डिजिटल रोशनी के माध्यम से बाबा बैद्यनाथ मंदिर की महिमा, द्वादश ज्योतिर्लिंग का महत्व, श्रावणी मेले की परंपरा और देवघर के धार्मिक इतिहास को आकर्षक आकृतियों के रूप में प्रस्तुत किया गया.

श्रद्धालुओं को मिला दिव्य अनुभव

ड्रोन शो का नजारा बाबा मंदिर परिसर से करीब पांच किलोमीटर तक के क्षेत्र में दिखाई दिया. श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने इस अनूठे आयोजन की सराहना की. उपायुक्त श्री सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित जलार्पण के साथ-साथ देवघर आने पर यादगार आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है.

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, हेडक्वार्टर डीएसपी, जिला खेल पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे.