Monday, 19 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

पटना के मनेर में पैक्स अध्यक्ष की गोली मारकर हत्या: बचाने पहुंचे प्रखंड प्रमुख पति को भी मारी गोली, दो बाइक से आए थे चार अपराधी

INT News19 October 2026 at 12:28 am

मनेर (पटना): राजधानी पटना के मनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत ब्यापुर गांव की मस्जिद गली में बाइक सवार अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू और प्रखंड प्रमुख रिंकी देवी के पति पिंटू कुमार पर ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी. इस घटना में गंभीर रूप से घायल पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू की मौत हो गई है, जबकि पिंटू कुमार की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी है.

दो बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे चार अपराधी

मिली जानकारी के अनुसार, ब्यापुर गांव निवासी पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू और प्रखंड प्रमुख पति पिंटू कुमार एक साथ थे. इसी दौरान दो बाइक पर सवार चार अपराधी प्रखंड प्रमुख पति के घर के समीप पहुंचे. अपराधियों ने पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलीबारी शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

पैक्स अध्यक्ष को बचाने पहुंचे पिंटू कुमार को भी मारी गोली

गोलीबारी के दौरान पैक्स अध्यक्ष को बचाने के लिए प्रखंड प्रमुख पति पिंटू कुमार आगे आए. इसी दौरान अपराधियों ने उन्हें भी गोली मार दी. गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े. वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए दानापुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के दौरान पैक्स अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ भालू की मौत हो गई.

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही मनेर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके. साथ ही गोलीबारी के पीछे की वजह का भी पता लगाया जा रहा है.

ब्यापुर गांव में दहशत का माहौल

दिनदहाड़े हुई इस गोलीबारी की घटना के बाद ब्यापुर गांव सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है. घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है.

Also Read: साइबर ठगी के नेटवर्क में बिहार के कई जिले टॉप-15 में, पटना देश में दूसरे नंबर पर तो नवादा-नालंदा भी शामिल