समाचार · मध्य प्रदेश
100 साल पुराने आशियाने से बेदखल परिवार ने लगाया जाम
भास्कर संवाददाता | मुरैना शहर के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत मुड़ियाखेड़ा गांव में मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर एक परिवार को मकान से बेदखल किए जाने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। करीब 100 वर्षों से एक ही मकान में रहने का दावा कर रहे परिवार ने कार्रवाई के विरोध में गृहस्थी का पूरा सामान सड़क पर रख दिया और चक्काजाम कर नारेबाजी की। जानकारी के अनुसार, मुड़ियाखेड़ा निवासी लक्ष्मी अपने परिवार के साथ लंबे समय से इस मकान में रह रही थीं। परिवार का कहना है उनकी तीन पीढ़ियां इसी घर में पली-बढ़ी हैं। कुछ समय पहले पड़ोसी परिवार से जमीन के स्वामित्व को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो अदालत तक पहुंच गया। मामले में न्यायालय द्वारा दिए गए आदेश के पालन में मंगलवार को स्टेशन रोड थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। पुलिस की मौजूदगी में मकान खाली कराकर परिवार का सामान बाहर रखवा दिया गया। कार्रवाई से आक्रोशित परिजनों ने पलंग, बर्तन, संदूक और अन्य घरेलू सामान सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।