Monday, 28 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

'नेतरहाट विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तारीख बदली': अब 6 दिसंबर को होगा एग्जाम, जानें कब तक कर सकेंगे आवेदन अप्लाई

INT News27 September 2026 at 10:31 pm

लातेहार: लातेहार स्थित प्रसिद्ध नेतरहाट आवासीय विद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा छह में नामांकन की प्रवेश परीक्षा की तिथि में बदलाव किया गया है. विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, पहले 22 नवंबर को होने वाली यह प्रवेश परीक्षा अब 6 दिसंबर 2026 को आयोजित की जाएगी. इसके साथ ही ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि भी बढ़ा दी गई है, जिससे अब तक आवेदन न कर सके अभ्यर्थियों को एक और मौका मिल गया है.

आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ी, अब 8 अक्टूबर तक मौका

विद्यालय प्रबंधन ने प्रवेश परीक्षा की तिथि के साथ ऑनलाइन आवेदन की डेडलाइन में भी विस्तार किया है. पूर्व में आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 24 सितंबर निर्धारित थी, जिसे अब बढ़ाकर 8 अक्टूबर 2026 कर दिया गया है. इच्छुक विद्यार्थी विद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं. समयसीमा में बढ़ोतरी से उन छात्रों को राहत मिली है जो किसी कारणवश निर्धारित समय में आवेदन फॉर्म नहीं भर पाए थे.

ये भी पढ़ें: तीन दिन से बूंद-बूंद पानी को तरसे रांची के लोगों को राहत, कई इलाकों में जलापूर्ति शुरू

9 नवंबर से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड, प्रमंडल स्तर पर होगी परीक्षा

संशोधित शेड्यूल के अनुसार, प्रवेश परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड 9 नवंबर 2026 से आधिकारिक वेबसाइट से डाउनलोड किए जा सकेंगे. यह परीक्षा झारखंड के विभिन्न प्रमंडल मुख्यालयों में आयोजित होगी. सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 6 में मेधावी छात्रों का चयन इसी परीक्षा के अंकों के आधार पर किया जाएगा. विद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे अंतिम समय का इंतजार किए बिना समय पर प्रक्रिया पूरी करें और नवीनतम अपडेट्स के लिए वेबसाइट का अवलोकन करते रहें.

ये भी पढ़ें: जमशेदपुर हादसे के बाद एक्शन में मंत्री दीपक बिरुआ: गलत पार्किंग पर होगी सख्त कार्रवाई, लोगों से की ये अपील