Thursday, 9 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

फतेहगढ़ चूड़ियां कौंसिल में कांग्रेस-शिअद का गठबंधन:लाली प्रेसिडेंट, गुरजीत कौर वाइस प्रेसिडेंट निर्वाचित; चुनाव की वीडियोग्राफी करवाई

INT News9 July 2026 at 09:44 pm

गुरदासपुर जिले की फतेहगढ़ चूड़ियां नगर कौंसिल में कांग्रेस और अकाली दल के गठबंधन से कुलविंदर सिंह लाली अध्यक्ष चुने गए हैं। अकाली दल की गुरजीत कौर उपाध्यक्ष बनी हैं। इस चुनाव में कांग्रेस, अकाली दल और आम आदमी पार्टी (आप) के एक पार्षद ने अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पक्ष में मतदान किया। यह चुनाव प्रक्रिया पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के आदेश पर पूरी की गई और इसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई। विधानसभा हलका फतेहगढ़ चूड़ियां के कस्बे में नगर कौंसिल के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया आज संपन्न हुई। हाई कोर्ट के निर्देशानुसार, पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की गई ताकि पारदर्शिता बनी रहे। फतेहगढ़ चूड़ियां के विधायक तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने बताया कि कांग्रेस पार्टी को सभी दलों का समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के एक पार्षद ने भी कांग्रेस के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के लिए वोट किया। बाजवा ने पुष्टि की कि अध्यक्ष कांग्रेस से हैं और उपाध्यक्ष अकाली दल से हैं, और अकाली दल ने भी कांग्रेस को वोट दिया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया को पूरी तरह से सही बताया। लाली ने सभी दलों का जताया आभार नवनिर्वाचित नगर परिषद अध्यक्ष कुलविंदर सिंह लाली ने अपनी पार्टी कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और आम आदमी पार्टी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन सभी दलों के समर्थन से ही उन्हें यह पद मिला है।शिरोमणि अकाली दल की उपाध्यक्ष गुरजीत कौर ने बताया कि शिरोमणि अकाली दल के 2 पार्षद चुनाव जीते थे। शहर के विकास के लिए काम करेगा शिअद गुरजीत कौर ने कहा कि शहर के विकास और बेहतरी के लिए शिरोमणि अकाली दल के चुनाव क्षेत्र इंचार्ज लखबीर सिंह लोधीनंगल ने कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष के लिए वोट मांगा था, जिसके बाद उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार के पक्ष में मतदान किया। गुरजीत कौर खुद 10 पार्षदों के वोटों से उपाध्यक्ष बनी हैं, जिसमें कांग्रेस के पार्षद और एक आप पार्षद शामिल हैं।