Wednesday, 22 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

पलामू का कुख्यात डब्लू सिंह उर्फ गौतम सिंह 6 महीने के लिए जिला बदर, DC ने जारी किया आदेश

INT News21 July 2026 at 09:59 pm

शिवेंद्र कुमार की रिपोर्ट

पलामू जिले के कुख्यात डब्लू सिंह उर्फ गौतम सिंह को जिला प्रशासन ने छह माह के लिए जिला बदर कर दिया है. इस संबंध में एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि डब्लू सिंह को जिला बदर करने के लिए पलामू डीसी के पास रिपोर्ट भेजी गई थी. इसके बाद मंगलवार को डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने सुनवाई करते हुए जिला बदर का आदेश जारी कर दिया है, जिसकी प्रति मंगलवार शाम को एसपी कार्यालय को प्राप्त हो चुकी है.

गाड़ियों का काफिला लेकर दहशत फैलाने का आरोप

एसपी ने बताया कि डब्लू सिंह द्वारा लोगों के बीच दहशत पैदा की जा रही थी. उस पर दहशत फैलाने के उद्देश्य से गाड़ियों का काफिला लेकर घूमने का आरोप है. एसपी ने बताया कि वह गैंग बनाकर घूमता रहता था और उसके द्वारा किए जा रहे कार्य संदिग्ध थे. वह लोगों में डर पैदा करने का काम कर रहा था, इसलिए उसे 21 जुलाई 2026 से लेकर 20 जनवरी 2027 तक के लिए जिला बदर किया गया है. उन्होंने कहा कि इस आदेश का सख्ती से पालन कराया जाएगा.

डीसी ने जारी किया आदेश

डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि डब्लू सिंह उर्फ गौतम सिंह के संबंध में एसपी द्वारा रिपोर्ट भेजी गई थी. इसके बाद मंगलवार को सुनवाई पूरी हुई और जिला बदर का आदेश लागू कर दिया गया, जो छह माह के लिए प्रभावी रहेगा. एसपी ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार की आपराधिक घटनाओं में शामिल लोगों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी.