Thursday, 30 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

जंतर-मंतर पर घायल झारखंड की छात्रा नूतन टोप्पो से मिले मंत्री, CM हेमंत ने दिये थे निर्देश

INT News29 July 2026 at 10:10 pm

रांची : मुख्यमंत्री के निर्देश पर पेयजल एवं स्वच्छता सह उत्पाद एवं मद्य निषेध विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान घायल हुई गुमला की छात्रा नूतन टोप्पो से रांची के ग्लोबल अस्पताल में मुलाकात की. उन्होंने छात्रा का हालचाल जाना और इलाज कर रहे चिकित्सकों से स्वास्थ्य की जानकारी ली. साथ ही परिजनों को राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.

मंत्री योगेंद्र प्रसाद ने कहा कि प्रदर्शन के दौरान पैलेट गन के इस्तेमाल से नूतन टोप्पो घायल हुई थीं. उन्होंने बताया कि पैलेट लगने से छात्रा के कान का निचला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया. उन्होंने कहा कि यदि गोली शरीर के किसी अन्य हिस्से में लगती तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी.

बेहतर इलाज के दिए निर्देश

मंत्री ने अस्पताल के चिकित्सकों को नूतन टोप्पो का बेहतर से बेहतर इलाज सुनिश्चित करने और सभी आवश्यक चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि झारखंड की बेटी अकेली नहीं है और राज्य सरकार हर परिस्थिति में उसके साथ मजबूती से खड़ी है. उन्होंने बताया कि नूतन टोप्पो गुमला की रहने वाली हैं और गुरुग्राम में पढ़ाई के साथ-साथ नौकरी भी करती हैं.

दीपिका पांडेय सिंह ने भी जाना हाल

राज्य की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने भी ग्लोबल अस्पताल पहुंचकर नूतन टोप्पो से मुलाकात की. उन्होंने छात्रा के स्वास्थ्य की जानकारी ली और परिजनों से बातचीत की. दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान नूतन टोप्पो पुलिस कार्रवाई में घायल हुईं और पैलेट गन का भी शिकार बनीं. उन्होंने कहा कि पेपर लीक मामले में देशभर के युवाओं की एकजुटता से एक बड़ी सफलता मिली है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान अभी बाकी है.

मंत्री ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने युवाओं की समस्याओं और उनकी वर्षों की मेहनत को गंभीरता से नहीं लिया. उनके साथ कांग्रेस महानगर अध्यक्ष कुमार राजा भी मौजूद थे.

ये भी पढ़ें...

SIR in Jharkhand: 81.91 लाख मतदाता ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से बाहर, पहले चरण की अंतिम चरण जारी

झारखंड के किसान भी उतरेंगे सड़क पर. 10 अगस्त को देशभर में जेल भरो, रेल रोको और सड़क रोको आंदोलन