Thursday, 9 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

सारठ में ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में जमकर हंगामा, 70 नामों की सूची देख भड़के युवा

INT News9 July 2026 at 09:41 pm

सारठ से मिथिलेश सिन्हा की रिपोर्ट

Deoghar News: झारखंड के देवघर जिले के सारठ प्रखंड मुख्यालय परिसर में गुरुवार को जिला परिवहन कार्यालय की ओर से आयोजित ड्राइविंग लाइसेंस शिविर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए हंगामा शुरू कर दिया. स्थिति इतनी बिगड़ गई कि शिविर में मौजूद परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी सुरक्षा के लिए बीडीओ कार्यालय में शरण लेनी पड़ी. बाद में पुलिस पहुंची और उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला.

अखबार में सूचना के बाद पहुंचे थे सैकड़ों युवक

जानकारी के अनुसार जिला परिवहन कार्यालय की ओर से पूर्व में अखबारों के माध्यम से ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित होने की सूचना जारी की गई थी. सूचना मिलने के बाद सारठ सहित आसपास के क्षेत्रों से सैकड़ों युवा लाइसेंस बनवाने के लिए प्रखंड मुख्यालय पहुंचे. लोगों को उम्मीद थी कि शिविर में सभी पात्र आवेदकों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.

70 लोगों की सूची चिपकाने पर भड़का आक्रोश

शिविर शुरू होने के कुछ देर बाद कर्मचारियों ने 70 लोगों की एक सूची चस्पा की. आरोप है कि इस सूची में अधिकांश नाम अन्य प्रखंडों के लोगों के थे, जबकि सारठ प्रखंड के कई आवेदकों का नाम शामिल नहीं था. इसे लेकर मौके पर मौजूद युवाओं ने नाराजगी जताई और विरोध शुरू कर दिया. इस दौरान मोटर वाहन निरीक्षक (एमवीआई) प्रथम कुमार रजवार ने बताया कि सूची में शामिल 70 लोगों का ही लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी. यह सुनते ही सैकड़ों युवाओं का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने शिविर स्थल पर जमकर हंगामा किया.

बीडीओ कार्यालय में शरण लेने को मजबूर हुए कर्मचारी

प्रदर्शन कर रहे युवाओं का आक्रोश बढ़ता देख एमवीआई सहित जिला परिवहन कार्यालय के अन्य कर्मचारी शिविर स्थल छोड़कर दौड़ते हुए बीडीओ कार्यालय पहुंच गए. स्थिति तनावपूर्ण होती देख प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) चंदन कुमार सिंह ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस की मौजूदगी में परिवहन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षित वाहन तक पहुंचाया गया. इस दौरान प्रदर्शनकारी लगातार नारेबाजी करते रहे.

विभाग की व्यवस्था पर उठे सवाल

प्रदर्शन कर रहे युवाओं का कहना था कि अखबार में प्रकाशित सूचना में कहीं भी यह उल्लेख नहीं था कि केवल 70 लोगों का ही लाइसेंस बनाया जाएगा. उनका आरोप था कि यदि पहले से संख्या तय थी तो इसकी स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक की जानी चाहिए थी. अचानक सूची जारी करने से दूर-दराज से पहुंचे सैकड़ों लोगों को निराश होकर लौटना पड़ा.

इसे भी पढ़ें: दुखिया बाबा मंदिर में वर्चस्व की जंग पर फूटा श्रद्धालुओं का गुस्सा, बोले- मंदिर में नहीं चलेगी राजनीति

बीडीओ ने दिया समाधान का भरोसा

बीडीओ चंदन कुमार सिंह ने लोगों को शांत कराते हुए कहा कि सभी आवेदक ऑनलाइन स्लॉट बुक करें. उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि जरूरत पड़ी तो उपायुक्त से बातचीत कर एक सप्ताह तक विशेष ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित कराने का प्रयास किया जाएगा, ताकि सभी इच्छुक आवेदकों का लाइसेंस बनाने की प्रक्रिया पूरी हो सके. प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करने की अपील की है.

इसे भी पढ़ें: सरायकेला के सुब्रतो कप फुटबॉल टूर्नामेंट में अनियमितता का आरोप, बिना कोटेशन के 2.70 लाख का कार्य आवंटित