समाचार · मध्य प्रदेश
एथेनॉल प्लांट घोटाले में छिंदवाड़ा प्लांट मालिक पिता-पुत्र आरोपी:बालाघाट एसपी बोले- सिवनी राइस मिलर्स समेत 7 आरोपी फरार, 4 की गिरफ्तारी हुई
बालाघाट जिले में एथेनॉल प्लांट के नाम पर हुए करोड़ों रुपए के चावल घोटाले में पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में छिंदवाड़ा के एवीजे (AVJ) एथेनॉल प्लांट (बोरगांव) के मालिक पिता-पुत्र और सिवनी के नंदगोपाल राइस मिल के संचालक सोनू जैन भी आरोपी हैं, जो फिलहाल फरार हैं। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक (SP) आदित्य मिश्रा ने पहली बार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरे घोटाले का ब्योरा दिया। एसपी आदित्य मिश्रा ने बताया कि पुलिस फिलहाल पिछले 6 से 8 महीनों के दौरान बालाघाट जिले के एफसीआई (FCI) और सीडब्ल्यूसी (CWC) गोदामों से एवीजे एथेनॉल प्लांट को सप्लाई किए गए चावल के रिकॉर्ड की जांच कर रही है। पुलिस के पास अब तक 5429 मीट्रिक टन चावल की हेराफेरी से जुड़े पुख्ता दस्तावेज मिले हैं। आंकड़ों के मुताबिक, इस घोटाले में करीब 12.5 करोड़ रुपए की सरकारी कीमत का चावल शामिल है। जांच के दूसरे चरण में पुलिस एवीजे प्लांट को मध्य प्रदेश के अन्य जिलों से एथेनॉल बनाने के नाम पर भेजे गए चावल की सप्लाई की भी कड़ाई से जांच करेगी। 4 आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना अब भी फरार यह पूरा मामला 3 जून को सामने आया था और 5 जून को इस पर एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले में गठित 20 से 25 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) ने अब तक केवल 20 ट्रकों को जब्त किया है। दुर्गेश शेंडे (संचेती राइस मिल का ट्रक चालक) राहुल प्रताप (एवीजे एथेनॉल प्लांट का प्रतिनिधि) राकेश श्रीवास्तव (सुपरवाइजर) उबेद खान (सिवनी का ट्रांसपोर्टर) इन्हें पुलिस ने पकड़ा है। मामले के अन्य आरोपी अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं, जिनकी तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। एसपी ने आश्वासन दिया है कि फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। संचेती राइस मिल से खुला था राज, गठजोड़ की चर्चा तेज इस बड़े घोटाले का भंडाफोड़ 3 जून को हुआ था, जब वारासिवनी थाना क्षेत्र में स्थित संचेती राइस मिल से एवीजे एथेनॉल प्लांट के लिए निकले फोर्टिफाइड चावल से लदे एक ट्रक को पकड़ा गया था। इस कार्रवाई के बाद जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, ट्रकों और आरोपियों की संख्या बढ़ती चली गई। इस मामले में राजनीतिक रसूखदारों और राइस मिलर्स के बीच के अपवित्र गठजोड़ की चर्चाएं भी गर्म हैं। हालांकि, पुलिस का पूरा ध्यान फिलहाल एवीजे एथेनॉल प्लांट और बालाघाट के सरकारी गोदामों के बीच हुए चावल के संदिग्ध परिवहन पर केंद्रित है।