Thursday, 27 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

जालंधर में CM मान आज PAP में बांटेंगे नियुक्ति पत्र:मिशन रोजगार के तहत 1746 जवानों को मिली नौकरी, काहलवां में लोक मिलनी कार्यक्रम भी

INT News27 August 2026 at 09:39 am

जालंधर में पंजाब CM भगवंत मान आज PAP में 1746 पुलिस जवानों को नौकरी का नियुक्ति पत्र देंगें। मुख्यमंत्री भगवंत मान का ये कार्यक्रम मिशन रोजगार के तहत करवाया जा रहा है।

इसी कड़ी में सीएम राज्यस्तरीय समारोह के दौरान पंजाब पुलिस में नए भर्ती हुए जवानों को औपचारिक रूप से नियुक्ति पत्र सौंपेंगे। मान सरकार के साढ़े चार साल के कार्यकाल में अब तक पंजाब पुलिस में रिकॉर्ड 13,092 युवाओं की भर्ती करने का दावा किया गया है। 3,298 अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है।

इसके अलावा, पंजाब पुलिस के जिला कैडर में इंस्पेक्टर, सब-इंस्पेक्टर और एएसआई (ASI) के 1,600 नए पद भी मंजूर किए गए हैं। कुल मिलाकर मान सरकार अब तक राज्य के 70,840 युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया से सरकारी नौकरियां दे चुकी है। इसी दौरे के तहत सब-डिवीजन करतारपुर के गांव काहलवां में आयोजित होने वाली लोक मिलनी (जनसंवाद कार्यक्रम) के मद्देनजर जालंधर ग्रामीण पुलिस और सिविल प्रशासन ने सुरक्षा प्रबंधों को पूरी तरह से पुख्ता कर लिया है। वीवीआईपी दौरे से पहले एडवांस सुरक्षा समीक्षा

वीवीआईपी दौरे से पहले एडवांस सुरक्षा समीक्षा के तहत डिप्टी कमिश्नर जालंधर वरजीत वालिया (IAS), वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जालंधर ग्रामीण हरविंदर सिंह विर्क (PPS), एसपी (पीबीआई) गुरप्रीत सिंह, डीएसपी करतारपुर नरेंद्र सिंह औजला और थाना प्रभारी करतारपुर एसआई गुरप्रीत सिंह ने गांव काहलवां में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का दौरा कर सभी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। शहर में आने-जाने वाले मार्गों, एंट्री व एग्जिट प्वाइंट्स पर नाके

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने वीवीआईपी सुरक्षा, आने-जाने वाले मार्गों, एंट्री व एग्जिट प्वाइंट्स, पार्किंग व्यवस्था, पुलिस तैनाती, ट्रैफिक डायवर्जन और आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। अधिकारियों ने कार्यक्रम के दौरान निरंतर सतर्कता, प्रभावी एक्सेस कंट्रोल, सुचारू ट्रैफिक नियमन और उचित भीड़ प्रबंधन पर विशेष जोर दिया। एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने फील्ड अधिकारियों व कर्मचारियों को पूरी तरह सतर्क रहने और स्वीकृत सुरक्षा योजना का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए, ताकि आम जनता को कम से कम असुविधा हो और कार्यक्रम पूरी तरह से शांतिपूर्ण व व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।