sports
एजबेस्टन में गिल का जलवा, कोहली-धोनी जैसे दिग्गजों की खास लिस्ट में हुए शामिल

Shubhman Gill: भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने एजबेस्टन में 80 रनों की शानदार पारी खेलकर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है. उन्होंने विराट कोहली के रिकॉर्ड को तोड़ते हुए किसी एक मैदान पर 500 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाले पहले भारतीय कप्तान बनकर इतिहास रच दिया है.
एजबेस्टन में 500 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करने वाले पहले भारतीय कप्तान
80 रन की इस पारी के साथ शुभमन गिल ने एजबेस्टन में भारतीय कप्तान के तौर पर अपने 510 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे कर लिए. इसके साथ ही वह इंग्लैंड में किसी एक मैदान पर 500 या उससे अधिक अंतरराष्ट्रीय रन बनाने वाले पहले भारतीय कप्तान बन गए. इससे पहले यह रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था. कोहली ने एजबेस्टन में भारत की कप्तानी करते हुए पांच मुकाबलों की छह पारियों में 469 रन बनाए थे. गिल ने इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए नया इतिहास रच दिया.
पहले वनडे में खेली 80 रन की जिम्मेदार पारी
259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए शुभमन गिल ने भारतीय पारी की शुरुआत की और शुरुआत से ही शानदार लय में नजर आए. उन्होंने 75 गेंदों पर 80 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और एक छक्का शामिल रहा. गिल ने तीसरे विकेट के लिए उपकप्तान श्रेयस अय्यर के साथ 103 गेंदों पर 101 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की. अय्यर ने 35 रन का योगदान दिया। इस साझेदारी ने भारत को लक्ष्य की ओर मजबूती से आगे बढ़ाया.
कप्तानी का सुनहरा दौर
शुभमन गिल को मई 2025 में भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी सौंपी गई थी. इसके बाद अक्टूबर 2025 में उन्हें वनडे टीम का भी कप्तान बनाया गया. कप्तान बनने के बाद से गिल लगातार शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और रिकॉर्ड अपने नाम कर रहे हैं.
एजबेस्टन टेस्ट में भी मचाया था धमाल
गिल ने एजबेस्टन में कप्तान के रूप में अपना पहला मुकाबला जुलाई 2025 में खेला था. उस टेस्ट मैच में उन्होंने दोनों पारियों में यादगार बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 269 रन और दूसरी पारी में 161 रन बनाए थे. इन दोनों पारियों ने ही एजबेस्टन में उनके रन का मजबूत आधार तैयार किया, जिसे अब पहले वनडे की 80 रन की पारी ने 510 तक पहुंचा दिया.
इस खास क्लब में शामिल हुए शुभमन गिल
एजबेस्टन में 510 अंतरराष्ट्रीय रन पूरे करते ही शुभमन गिल भारत के सातवें कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने किसी एक मैदान पर 500 या उससे अधिक रन बनाए हैं. इस सूची में उनसे पहले मोहम्मद अजहरुद्दीन, सुनील गावस्कर, सौरव गांगुली, एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा शामिल हैं. इनमें अजहरुद्दीन के नाम शारजाह में कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा 954 रन बनाने का भारतीय रिकॉर्ड दर्ज है.
अजहरुद्दीन के नाम है भारतीय रिकॉर्ड
किसी एक मैदान पर भारतीय कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का रिकॉर्ड मोहम्मद अजहरुद्दीन के नाम दर्ज है. उन्होंने 1990 से 1999 के बीच शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में कप्तान के रूप में 32 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले और 954 रन बनाए. यह रिकॉर्ड आज भी भारतीय कप्तानों में सबसे ऊपर है.
महान एलन बॉर्डर के रिकॉर्ड पर गिल की नजर
अगर विश्व रिकॉर्ड की बात करें तो किसी एक मैदान पर कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय रन बनाने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान एलन बॉर्डर के नाम है. बॉर्डर ने मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पर कप्तान के रूप में 48 मुकाबले खेले और 48 पारियों में 1,670 रन बनाए। यह अब भी विश्व रिकॉर्ड है.
इसे भी पढ़े- IND vs ENG, 1st ODI Highlights: गिल का अर्धशतक, अक्षर का दमदार प्रदर्शन; भारत ने 6 विकेट से जीता मुकाबला