national · उत्तर प्रदेश
यूपी में वोटर बनने के लिए दो दिन में मिले 6.40 लाख आवेदन, गाजियाबाद, खीरी और बाराबंकी सबसे आगे
INT News24 November 2026 at 11:51 pm

लखनऊ, 24 नवंबर। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने और नए मतदाताओं को जोड़ने की कवायद तेज हो गई है। निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान (एसएसआर 2027) के तहत प्रदेश में नए वोटर बनने के लिए बड़ी संख्या में आवेदन आ रहे हैं। 21 और 22 नवंबर को प्रदेशभर में आयोजित विशेष अभियान दिवसों में कुल 6 लाख 40 हजार 239 फॉर्म-6 प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा आवेदन 22 नवंबर को आए, जब एक ही दिन में रिकॉर्ड 3 लाख 99 हजार 218 लोगों ने नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए आवेदन किया।