entertainment
राजकुमार राव की एक्टिंग देख हैरान रह गए उज्ज्वल निकम, फिल्म के लिए रखी थी शर्त, अब खुद किया खुलासा

बॉलीवुड अभिनेता राजकुमार राव जल्द ही फिल्म ‘प्रहार-द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ में नजर आएंगे. यह फिल्म सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की जिंदगी और 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दोषी अजमल कसाब के मुकदमे से जुड़ी घटनाओं पर आधारित है. फिल्म को लेकर उज्ज्वल निकम ने खुलासा किया है. उन्होंने बताया कि अपनी जिंदगी की कहानी को पर्दे पर दिखाने की अनुमति देने से पहले उन्होंने मेकर्स के सामने एक शर्त रखी थी.
उज्ज्वल निकम ने रखी थी ये शर्त
उज्ज्वल निकम ने मीडिया से बातचीत के दौरान बताया कि उनकी पहली शर्त थी कि फिल्म में किसी भी किरदार का महिमामंडन नहीं किया जाना चाहिए, चाहे वह खुद ही क्यों न हों. उन्होंने यह भी कहा था कि कानूनी मामले से जुड़े सभी लोगों के असली नामों का इस्तेमाल किया जाए.
निकम के मुताबिक, फिल्म बनाने वालों ने उनकी इन शर्तों पर कोई आपत्ति नहीं जताई. उन्होंने इस कानूनी कार्यवाही से जुड़े लोगों से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) भी लिया, जिनमें जज मदन लक्ष्मणदास तहिलियानी भी शामिल थे. इसी मामले में तहिलियानी ने 6 मई 2010 को अजमल कसाब को मौत की सजा सुनाई थी.
राजकुमार राव की एक्टिंग देखकर हैरान रह गए निकम
उज्ज्वल निकम ने फिल्म में राजकुमार राव के काम की तारीफ भी की. उन्होंने कहा कि राजकुमार ने उनके अंदाज को समझने और पर्दे पर उतारने के लिए काफी मेहनत की. अदालत में दलीलें देते समय जिस जोश और मजबूती से वह अपनी बात रखते थे, राजकुमार ने उसे अपने अभिनय में उतारा.
निकम ने बताया कि राजकुमार असल जिंदगी में काफी शांत स्वभाव के हैं, लेकिन फिल्म के ट्रेलर में उनका अंदाज देखकर वह हैरान रह गए. दूसरे वकीलों ने भी उनसे पूछा कि क्या राजकुमार उनके साथ रहते थे. इस पर निकम ने साफ किया कि ऐसा नहीं था.
वहीं, राजकुमार राव ने बताया कि शूटिंग से पहले उनकी उज्ज्वल निकम से मुलाकात नहीं हो पाई थी, क्योंकि निकम काफी व्यस्त थे. ऐसे में किरदार की तैयारी के लिए उन्होंने अदालत में निकम की दलीलों वाले वीडियो देखे और उनके बोलने के तरीके को समझने की कोशिश की.
कब रिलीज होगी ‘प्रहार - द उज्ज्वल निकम स्टोरी’?
‘प्रहार - द उज्ज्वल निकम स्टोरी’ एक बायोग्राफिकल कोर्टरूम ड्रामा फिल्म है. इसका निर्देशन अविनाश अरुण ने किया है, जबकि दिनेश विजान के प्रोडक्शन हाउस मैडॉक फिल्म्स ने इसे बनाया है. फिल्म में राजकुमार राव सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की भूमिका निभा रहे हैं.
फिल्म में वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत, सिकंदर खेर और आशीष विद्यार्थी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. यह फिल्म 16 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है.
राजकुमार राव की आने वाली फिल्में
राजकुमार राव हाल ही में नेटफ्लिक्स की फिल्म ‘टोस्टर’ में सान्या मल्होत्रा के साथ नजर आए थे. इसके अलावा उनके पास कई फिल्में हैं. इनमें ‘रफ्तार’, पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली की बायोपिक ‘दादा: द सौरव गांगुली स्टोरी’ और हिट फ्रेंचाइजी ‘स्त्री’ की तीसरी फिल्म शामिल हैं.
ये भी पढ़ें: कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी ने जीता ‘हनुमान अंश’ के एक्टर शोभिनव सत्य का दिल, शेयर किया वीडियो