Sunday, 19 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का निधन, पीएम मोदी समेत देशभर के नेताओं ने जताया शोक

INT News18 July 2026 at 09:42 pm

Former PM H.D. Deve Gowda's wife passes away : देश पूर्व प्रधानमंत्री एच.डी. देवेगौड़ा की पत्नी चेन्नम्मा का शनिवार को बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में बीमारी के चलते निधन हो गया. उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई. चेन्नम्मा लंबे समय से अस्वस्थ थीं और उनका इलाज चल रहा था.

पीएम मोदी ने दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एच.डी. देवेगौड़ा से फोन पर बात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं. उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा कि चेन्नम्मा अपनी सादगी, विनम्रता और समाज सेवा के प्रति समर्पण के लिए हमेशा याद की जाएंगी. पीएम मोदी ने देवेगौड़ा और उनके परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल मिलने की कामना करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की.

खड़गे बोले- परिवार की शांत शक्ति थीं चेन्नम्मा

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी गहरा दुख जताया. उन्होंने कहा कि देवेगौड़ा से उनके वर्षों पुराने व्यक्तिगत संबंध रहे हैं और चेन्नम्मा परिवार की "मौन शक्ति" थीं. खड़गे ने कहा कि उन्होंने हमेशा सादगी, आस्था और समर्पण के साथ परिवार का साथ निभाया. उनका जीवन यह संदेश देता है कि बिना सुर्खियों में आए भी समाज और परिवार के लिए बड़ा योगदान दिया जा सकता है.

सिद्धारमैया ने बताया साहस की मिसाल

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने चेन्नम्मा को देवेगौड़ा के राजनीतिक और पारिवारिक जीवन की सबसे मजबूत आधारशिला बताया. उन्होंने कहा कि उन्होंने हर कठिन दौर में परिवार को संभाला और कभी भी परिस्थितियों के सामने हार नहीं मानी. मुख्यमंत्री ने देवेगौड़ा परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना की.

परमेश्वर समेत कई नेताओं ने जताया शोक

कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर सहित कई नेताओं ने चेन्नम्मा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि चेन्नम्मा ने देवेगौड़ा के लंबे सार्वजनिक जीवन में हर कदम पर उनका साथ दिया. नेताओं ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति मिले और शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करे.

यह भी पढ़ें - मानसून सत्र से पहले सियासी हलचल तेज, किरेन रिजिजू ने बागी टीएमसी सांसदों को सर्वदलीय बैठक का भेजा न्योता