Thursday, 9 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

फरीदाबाद में चलती कार में लगी आग:दिल्ली से आ रहा था वकील, धुआं निकलते देख सड़क किनारे रोकी, उतर कर बचाई जान

INT News9 July 2026 at 09:21 pm

फरीदाबाद में बृहस्पतिवार देर शाम शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। पहली घटना सराय टोल प्लाजा के पास हुई, जहां दिल्ली की ओर से फरीदाबाद आ रही एक निशान मैग्नाइट कार में अचानक भीषण आग लग गई। प्रारंभिक जांच में इंजन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। ड्राइवर ने सूझबूझ दिखाते हुए कार को तुरंत सड़क किनारे रोक दिया और बाहर निकल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दिल्ली से फरीदाबाद आ रहा था कार सवार कार मालिक फरीदाबाद जिला कोर्ट में वकील हैं। वह अपनी निशान मैग्नाइट कार में अकेले सवार होकर दिल्ली से फरीदाबाद आ रहे थे। कार से धुआं निकलता देख उन्होंने तुरंत वाहन रोक दिया। कुछ ही क्षणों में कार आग की चपेट में आ गई। आग लगते ही सराय टोल प्लाजा पर मौजूद कर्मचारियों ने फायर सिलेंडरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया और साथ ही फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही सेक्टर-31 फायर स्टेशन से दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि तब तक कार का अधिकांश हिस्सा जलकर क्षतिग्रस्त हो चुका था। एटीएम में मशीन कंट्रोल पैनल लगी आग इसी दौरान दूसरी घटना एनआईटी-5 स्थित गांधी कॉलोनी में आईटीआई के पास लगे एक्सिस बैंक के एटीएम में सामने आई। एटीएम की एमसी (मशीन कंट्रोल पैनल) में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत आग बुझाने में जुट गए। लोगों की सतर्कता के चलते आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। सेक्टर-31 फायर स्टेशन के अधिकारी विनय कौशिक ने बताया कि कार में आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर भेजी गई थी। प्रारंभिक जांच में इंजन में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। दोनों घटनाओं में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।