समाचार · पंजाब
मानसा में भाजपा जिला उपाध्यक्ष विनोद काली का निधन:23 सितंबर को हुए सड़क हादसे में घायल हुए थे, अर्शदीप की मौके पर मौत हुई थी
INT News27 September 2026 at 09:36 pm
मानसा में भाजपा के जिला उपाध्यक्ष विनोद काली की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह 23 सितंबर को हुए सड़क हादसे में घायल हुए थे। यह हादसा गांव कोट धर्मू के पास नशा विरोधी संकल्प यात्रा के दौरान हुआ था। झुनीर में रैली के बाद मानसा लौट रहे भाजपा कार्यकर्ताओं की स्विफ्ट कार एक ट्रक से टकरा गई थी। इस हादसे में गांव रमदित्तेवाला निवासी अर्शदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई थी। विनोद काली समेत पांच अन्य युवक भी घायल हुए थे। गंभीर हालत में विनोद काली को मानसा से लुधियाना के डीएमसी अस्पताल रेफर किया गया था। चार दिनों तक इलाज चलने के बाद आज उनकी मौत हो गई। अन्य घायलों को बठिंडा के एम्स में भर्ती कराया गया है। मानसा मंडल भाजपा अध्यक्ष आशीष अग्रवाल ने बताया कि उनका शव आज शाम मानसा लाया जाएगा।