Sunday, 2 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

पटना जंक्शन के पास बनेगा 16 मंजिला न्यू मार्केट हब, फाइव स्टार होटल से लेकर शॉपिंग तक मिलेंगी सुविधाएं

INT News1 August 2026 at 10:31 pm

Patna News : राजधानी के सबसे व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र पटना जंक्शन और न्यू मार्केट का स्वरूप जल्द ही पूरी तरह बदलने वाला है. पटना नगर निगम ने न्यू मार्केट एरिया डेवलपमेंट प्लान में बड़ा बदलाव करते हुए तीन अलग-अलग जी+3 भवनों की जगह अब 16 से अधिक मंजिला (जी+16) अत्याधुनिक कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स बनाने की योजना तैयार की है. करीब 590.05 करोड़ रुपये की इस परियोजना के तहत न्यू मार्केट को महानगरों की तर्ज पर विश्वस्तरीय मार्केट हब के रूप में विकसित किया जाएगा.

दुकानदारों का होगा पुनर्वास, फिर शुरू होगा निर्माण

परियोजना के पहले चरण में न्यू मार्केट की मौजूदा दुकानों और वेंडरों को अस्थायी रूप से दूसरी जगह स्थानांतरित किया जाएगा. इसके बाद पुराने ढांचे को हटाकर नया वेंडर ब्लॉक बनाया जाएगा, जहां सभी दुकानदारों का स्थायी पुनर्वास किया जाएगा. पुनर्वास पूरा होने के बाद मुख्य कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण शुरू होगा.

एक ही परिसर में होटल, शॉपिंग, फूड कोर्ट और मल्टीप्लेक्स

प्रस्तावित कॉम्प्लेक्स में फाइव स्टार स्तर की सुविधाओं वाला होटल, आधुनिक फूड कोर्ट, अंतरराष्ट्रीय स्तर का शॉपिंग मार्केट, मल्टीप्लेक्स, बेसमेंट पार्किंग और अत्याधुनिक फायर सेफ्टी सिस्टम विकसित किया जाएगा. इससे पटना जंक्शन आने वाले यात्रियों को ठहरने, खरीदारी और खानपान की सभी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी. पार्किंग की समस्या भी काफी हद तक दूर होगी.

590 करोड़ रुपये की होगी लागत

इस परियोजना की शुरुआती लागत 123.12 करोड़ रुपये निर्धारित थी, जिसमें तीन जी+3 भवन बनाने की योजना थी. संशोधित मास्टर प्लान के बाद अब लागत बढ़ाकर 590.05 करोड़ रुपये कर दी गई है. चूंकि जमीन पटना नगर निगम की अपनी है, इसलिए परियोजना के क्रियान्वयन में भूमि संबंधी कोई बाधा नहीं आएगी. निगम ने परियोजना का सर्वे शुरू कर दिया है और विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) भी तैयार कर लिया गया है.

तीन चरणों में पूरा होगा प्रोजेक्ट

पहले चरण में दुकानदारों और वेंडरों का पुनर्वास कर नया वेंडर ब्लॉक बनाया जाएगा. दूसरे चरण में मुख्य बहुमंजिला कॉमर्शियल कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा. तीसरे चरण में परिसर के आसपास आकर्षक प्लाजा, खुले मनोरंजन क्षेत्र और अन्य सार्वजनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी.

नगर निगम की बढ़ेगी आय

कॉम्प्लेक्स शुरू होने के बाद नगर निगम को दुकानों के लीज रेंट, वेंडरों के लाइसेंस शुल्क, फूड कोर्ट के किराये, पार्किंग शुल्क, विज्ञापन, डिजिटल डिस्प्ले, फैसिलिटी मैनेजमेंट चार्ज, कंसेशन प्रीमियम और संपत्ति कर से हर वर्ष बड़ी आय होने की उम्मीद है.

जानिए... क्या बोले नगर आयुक्त

नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने कहा कि न्यू मार्केट एरिया को विश्वस्तरीय स्वरूप देने के लिए मास्टर प्लान तैयार किया गया है. एक ही परिसर में ठहरने, खरीदारी और खानपान जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी. पहले तीन भवन प्रस्तावित थे, लेकिन अब उनकी जगह एक भव्य बहुमंजिला कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा, जिससे शहर के विकास के साथ नगर निगम के राजस्व में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी.