समाचार · मध्य प्रदेश
नीमच में BAP और जयस का अनिश्चितकालीन धरना:NEET धांधली और छात्रों पर लाठीचार्ज का विरोध; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
नीमच के मेसी शोरूम चौराहे स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा के समक्ष भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और जय आदिवासी युवा शक्ति (जयस) ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। यह विरोध प्रदर्शन NEET परीक्षा में अनियमितताओं और दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की है। 'सच्चाई की लड़ाई' का पोस्टर लगाकर दर्ज कराया विरोध धरना स्थल पर कार्यकर्ताओं ने एक बड़ा पोस्टर लगाया है, जिसमें दिल्ली में संसद घेराव और पुलिस कार्रवाई के दौरान घटी घटनाओं को दर्शाया गया है। प्रतिनिधियों का आरोप है कि 20 जुलाई को दिल्ली में अपने हक के लिए आवाज उठा रहे निर्दोष छात्रों पर पुलिस ने बर्बरतापूर्वक बल प्रयोग किया और आंसू गैस के गोले दागे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, यह आंदोलन जारी रहेगा। BAP और जयस की 6 मुख्य मांगे: CBI जांच: NEET परीक्षा में धांधली और पेपर लीक की उच्चस्तरीय सीबीआई जांच हो। दोषियों की गिरफ्तारी: पेपर लीक में शामिल सभी आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। मुफ्त इलाज: लाठीचार्ज में घायल हुए छात्रों को उचित और नि:शुल्क इलाज दिया जाए। पुलिसकर्मियों पर FIR: छात्राओं के साथ अभद्रता करने वाले दोषी पुलिसकर्मियों पर प्राथमिकी दर्ज हो। अधिकारियों पर कार्रवाई: छात्रों पर लाठीचार्ज का आदेश देने वाले प्रशासनिक अधिकारियों पर सख्त कदम उठाए जाएं। छात्र अधिकारों की रक्षा: लोकतंत्र में युवाओं और छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास बंद किया जाए। आम आदमी पार्टी समेत अन्य संगठनों का मिला समर्थन इस अनिश्चितकालीन धरने को आम आदमी पार्टी (AAP) समेत कई अन्य सामाजिक व स्थानीय संगठनों ने भी अपना समर्थन दिया है। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि धरना स्थल पर पहुंचकर छात्रों के हक की इस लड़ाई में शामिल हो रहे हैं।