Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · उत्तर प्रदेश

राम मंदिर चढ़ावा विवाद: कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि का इस्तीफे से इनकार, बोले- 'मैदान छोड़कर भागना हमारे धर्म में नहीं'

INT News14 July 2026 at 07:35 pm

Ram Mandir Donation Theft Case: कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि ने मीडिया से बात करते हुए कहा- इस मामले में गिरफ्तार किए गए सभी लोग भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के कर्मचारी हैं. उन्होंने कहा कि बैंक अधिकारियों को उनकी बैकग्राउंड और पात्रता की पूरी जांच करनी चाहिए थी तथा उन्हें अधिक सतर्कता बरतनी चाहिए थी.

करीब 3 करोड़ रुपये की हुई चोरी : गोविंद गिरि

चोरी की रकम के बारे में पूछे जाने पर गोविंद गिरि महाराज ने कहा कि उनके व्यक्तिगत अनुमान के अनुसार यह राशि करीब तीन करोड़ रुपये हो सकती है. हालांकि, उन्होंने स्पष्ट किया कि इसे आधिकारिक या प्रामाणिक आंकड़ा नहीं माना जाना चाहिए. उन्होंने कहा कि वह विशेष जांच टीम (SIT) की जांच और सप्रीम कोर्ट की ओर से मामले की निगरानी से संतुष्ट हैं.

जब समय संघर्ष का हो, तब मैदान छोड़कर भागना हमारे धर्म में नहीं : गोविंद गिरि

गोविंद गिरि महाराज ने यह भी कहा कि उनके इस्तीफा संबंधी खबरें दुर्भावनापूर्ण और भ्रामक हैं. उन्होंने कहा, ‘‘मैंने कभी नहीं कहा कि मैं इस्तीफा दूंगा. मैं छत्रपति शिवाजी महाराज का अनुयायी हूं और मैं भागने वालों में से नहीं हूं. जब समय संघर्ष का हो, तब मैदान छोड़कर भागना हमारे धर्म में नहीं है.’’

चंपत राय ने स्वेच्छा से पद छोड़ा : गोविंद गिरि

न्यास के महासचिव चंपत राय के इस्तीफे पर गोविंद गिरि महाराज ने कहा कि उन्होंने स्वेच्छा से पद छोड़ा है. उन्होंने कहा, ‘‘न्यास के संविधान के अनुसार, एक बार इस्तीफा सौंपे जाने के बाद, उसे मंजूर हुआ मान लिया जाता है.’’ उन्होंने उन चर्चाओं को भी खारिज किया कि चंपत राय को बलि का बकरा बनाया गया. उन्होंने कहा कि चंपत राय की लापरवाही की वजह से यह स्थिति बनी और इस्तीफा देने से पहले उन्हें इसका एहसास हो गया था.

मेरा काम न्यास के बैंक खातों में जमा कोष की देखरेख करना है : गोविंद गिरि

गोविंद गिरि ने कहा, ‘‘कोषाध्यक्ष के तौर पर मेरी भी कुछ जिम्मेदारियां हैं. मेरा काम न्यास के बैंक खातों में जमा कोष की देखरेख करना है. पांच चार्टर्ड अकाउंटेंट नियमित रूप से इन खातों की जांच करते हैं.’’ गोविंद गिरि महाराज ने कहा कि मंदिर की दान पेटियों में जमा रकम का गबन किया गया, न कि न्यास के बैंक खातों में जमा रकम का.

गोविंद गिरि ने एसबीआई पर फोड़ा ठीकरा

कोषाध्यक्ष ने कहा कि स्थानीय न्यासी दान पेटियों में जमा रकम की गिनती और हिसाब-किताब का काम देखते थे. गोविंद गिरि महाराज ने कहा कि दान पेटियों से मिलने वाले दान के प्रबंधन और हिसाब-किताब की जिम्मेदारी एसबीआई को सौंपी गई है. उन्होंने कहा, ‘‘अब तक जिन लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वे सभी एसबीआई के कर्मचारी हैं. उन्हें एसबीआई ने ही तैनात किया था, न्यास ने नहीं. भले ही कुछ नियुक्तियां सिफारिश के आधार पर की गई हों, लेकिन संबंधित लोगों की बैकग्रांड और पात्रता की जांच करना एसबीआई की जिम्मेदारी थी. एसबीआई देश के अग्रणी बैंक में से एक है.’’ उन्होंने कहा कि न्यास को उम्मीद थी कि बैंक वित्तीय अनुशासन बनाए रखेगा और चढावे के रोजाना के हिसाब-किताब की देखरेख के लिए खास तौर पर कर्मचारी तैनात करेगा. उन्होंने कहा, ‘‘हो सकता है कि न्यासियों के पास वित्तीय मामलों की जानकारी न हो, लेकिन बैंक अधिकारियों के पास तो होती है.’’

दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए : गोविंद गिरि

यह पूछे जाने पर कि क्या बैंक कर्मचारियों को ज्यादा सतर्क रहना चाहिए था, गोविंद गिरि महाराज ने कहा, ‘‘वे उपदेशक नहीं हैं, वे बैंक अधिकारी हैं. इसलिए उन्हें सतर्क रहना चाहिए था.’’ उन्होंने कहा कि न्यास की प्राथमिकता अब व्यवस्था को मजबूत करना और कमियों को दूर करना है, ताकि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. उन्होंने यह भी कहा कि न्यास एसआईटी की जांच में दखल नहीं देगा और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए.

प्रायश्चित के तौर पर इस्तीफा देने की बिल्कुल भी जरूरत नहीं : कोषाध्यक्ष

कथित चोरी ‘‘भगवान राम के खिलाफ एक अपराध’’ थी. गोविंद गिरि ने कहा, ‘‘हम शर्मिंदा हैं कि ऐसी घटना हुई. यह हमारे लिए बहुत दुख की बात है.’’ कोषाध्यक्ष के पद से इस्तीफा देने की मांगों पर गोविंद गिरि महाराज ने कहा कि प्रायश्चित के तौर पर इस्तीफा देने की ‘‘बिल्कुल भी जरूरत नहीं’’ है. उन्होंने कहा, ‘‘मेरा प्रायश्चित इस्तीफा देना नहीं है. बल्कि यह पक्का करना है कि जो गलतियां हुईं, वे दोबारा न हों. हमने खामियों को दूर करने के लिए आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने शुरू कर दिए हैं.’’

चोरी की घटना के बाद हुए कई बदलाव: गोविंद गिरि

कोषाध्यक्ष गोविंद गिरि ने कहा- न्यास ने कई सुधारात्मक उपाय लागू किए हैं, जिनमें नकदी संभालने वाले कर्मचारियों के लिए बिना जेब वाली वर्दी अनिवार्य करना, सीसीटीवी के दायरे में सभी स्थान को लाना, नोट के बंडल छिपाने की आशंका रोकने के लिए मेज की बजाय फर्श पर बिछी चटाई पर नकदी की गिनती करना, नकदी की गिनती के दौरान न्यास के दो प्रतिनिधियों और एसबीआई के दो अधिकारियों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करना तथा गिनती कक्ष में प्रवेश और बाहर निकलने वाले सभी कर्मचारियों की तलाशी लेना शामिल है.

ये भी पढ़ें: रा/म मंदिर ट्रस्ट पर भड़के शंकराचार्य, CEO  की नियुक्ति प्रक्रिया पर उठाए सवाल, बयान के बाद तेज हुई बहस

ये भी पढ़ें: राम मंदिर दानराशि गड़बड़ी मामला: मुख्य आरोपी लवकुश मिश्रा की पत्नी को ADA का अंतिम नोटिस, निर्माणाधीन मकान पर सीलिंग की चेतावनी