समाचार · झारखंड
Nisha Bhagat Case: CBI जांच से खुलेगा मौत का राज? जानिए पूरा मामला

रांची. आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता निशा भगत की मौत के मामले में अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) जांच करेगा. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस संबंध में निर्देश दिये हैं. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी. निशा भगत की मौत के बाद से ही परिजन और विभिन्न सामाजिक संगठन मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे थे. किसी ने न्यायिक जांच, तो किसी ने सीआईडी और सीबीआई जांच की मांग उठायी थी. लगातार बढ़ते दबाव और परिजनों की मांग के बीच राज्य सरकार ने अब सीबीआई जांच की अनुशंसा करने का फैसला लिया है.
क्यों उठी सीबीआई जांच की मांग?
निशा भगत की मौत के बाद से ही कई सवाल उठ रहे थे. परिजनों ने घटना के पीछे साजिश की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की थी. वहीं, विभिन्न आदिवासी और सामाजिक संगठनों ने भी मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच की मांग तेज कर दी थी. सामाजिक कार्यकर्ता एवं IRS अधिकारी निशा उरांव ने भी से बातचीत में सीबीआई जांच की मांग उठायी थी.
मामले में अलग-अलग स्तर पर जांच की मांग के बीच यह सवाल लगातार उठता रहा कि आखिर किन परिस्थितियों में निशा भगत ने आत्महत्या की. घटना से जुड़े सभी पहलुओं और इसके पीछे की परिस्थितियों का खुलासा करने के लिए निष्पक्ष जांच को जरूरी बताया जा रहा था.
अब CBI की जिम्मेदारी, जल्द हो निष्पक्ष जांच-राजेश ठाकुर
कांग्रेस नेता राजेश ठाकुर ने राज्य सरकार के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि निशा भगत की मौत के बाद सभी की यही अपेक्षा थी कि मामले की निष्पक्ष जांच हो. कोई न्यायिक जांच की मांग कर रहा था, तो कोई सीआईडी और कोई सीबीआई जांच की बात उठा रहा था. लगातार सामाजिक संगठन सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार से सीबीआई जांच का अनुरोध किया है. कुछ लोग राज्य सरकार की सीआईडी जांच पर सवाल उठा रहे थे. अब राज्य सरकार ने बड़ा कदम उठाया है. सीबीआई की जिम्मेदारी है कि वह निष्पक्ष जांच कर दूध का दूध और पानी का पानी करे. इससे लोगों के मन में बना संशय दूर होगा कि किन परिस्थितियों में निशा भगत ने आत्महत्या की. उन्होंने सीबीआई से जल्द से जल्द जांच पूरी करने की मांग की.
आंदोलन के दबाव में सरकार ने लिया फैसला- BJP
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने राज्य सरकार द्वारा सीबीआई जांच की अनुशंसा किये जाने पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाजपा शुरू से ही इस मामले में निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग कर रही थी.
उन्होंने कहा कि निशा भगत की आत्महत्या की खबर मिलते ही भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा ने सड़क पर उतरकर आंदोलन शुरू कर दिया था. एसटी मोर्चा ने पुतला दहन और मशाल जुलूस निकालने के साथ चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की थी. पूरी भाजपा ने सरकार पर लगातार दबाव बनाया. आगामी दिनों में झारखंड बंद और कैंडल मार्च सहित कई आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की घोषणा की गयी थी.
आदित्य साहू ने दावा किया कि भाजपा के लगातार आंदोलन का ही असर है कि राज्य सरकार को सीबीआई जांच की अनुशंसा करने के लिए मजबूर होना पड़ा.
चरित्र हनन और मानसिक तनाव के आरोपों की भी जांच की मांग
आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा को विश्वास है कि सीबीआई जांच से पूरे मामले की सच्चाई सामने आयेगी. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोगों द्वारा निशा भगत के चरित्र हनन का प्रयास किया गया था, जिससे उत्पन्न मानसिक तनाव के बीच उन्होंने अपनी जीवनलीला समाप्त करने का निर्णय लिया. उन्होंने कहा कि निशा भगत के साथ हुई घटनाओं और उनकी आत्महत्या के पीछे के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए.
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भरोसा जताया कि सीबीआई जांच से निशा भगत के परिजनों को न्याय मिलेगा और मामले में जो भी दोषी होंगे, वे बच नहीं पायेंगे.
ये भी पढ़ें: Nisha Bhagat: बेंगलुरु की नौकरी छोड़ आदिवासी समाज के लिए संघर्ष करने लगी थीं निशा
अब CBI जांच पर टिकी निगाहें, परिवार को न्याय की उम्मीद
राज्य सरकार के फैसले के बाद अब इस पूरे मामले की जांच सीबीआई के हाथों में जाने का रास्ता साफ हुआ है. हालांकि, जांच में किन परिस्थितियों और पहलुओं को शामिल किया जायेगा, यह आगे स्पष्ट होगा. फिलहाल परिजनों, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक दलों की उम्मीद है कि जांच निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से पूरी हो.
निशा भगत की मौत से जुड़े सवालों का जवाब और घटना की वास्तविक परिस्थितियों का खुलासा अब सीबीआई जांच के निष्कर्षों पर निर्भर करेगा.
ये भी पढ़ें: निशा भगत की आत्महत्या के बाद सोशल मीडिया पर बवाल, ट्रोलिंग और पुलिस पर उठे सवाल