समाचार · हरियाणा
कुरुक्षेत्र में ट्रेड डील के विरोध में रोष मार्च:बाइक रैली निकाल पहुंचेंगे लघु सचिवालय, DC और SDM को सौंपेंगे ज्ञापन; 21 को दिल्ली कूच
हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में आज प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में बुधवार को कुरुक्षेत्र जिले में किसान संगठन सड़कों पर उतरेंगे। देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) गुट, भाकियू शहीद भगत सिंह गुट, भाकियू पिहोवा समेत कई किसान संगठन संयुक्त रूप से मोटरसाइकिल रोष मार्च निकालेंगे। किसान सुबह 10 बजे से तय जगह पर इकट्ठा होंगे। इसके बाद जिला सचिवालय और SDM कार्यालय तक बाइक रैली निकालकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे। किसानों का कहना है कि प्रस्तावित ट्रेड डील का सीधा असर कृषि क्षेत्र और किसानों की आय पर पड़ेगा। इस तरह के समझौतों से किसानों के हित प्रभावित होंगे। थीम पार्क और पिपली में जुटेंगे किसान जिलेभर से किसान सुबह थीम पार्क और पिपली अनाज मंडी में पहुंचेंगे। फिर सभी संगठन संयुक्त रूप से जिला सचिवालय तक रोष मार्च निकालेंगे। सचिवालय पहुंचकर DC के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं पिहोवा में भाकियू के कार्यकर्ता पुरानी अनाज मंडी में एकत्रित होंगे। दावा- ट्रेड डील से होगा नुकसान यहां से SDM कार्यालय तक मोटरसाइकिल मार्च निकाला जाएगा। प्रदर्शन के बाद SDM पिहोवा को प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इन संगठनों का कहना है कि प्रस्तावित ट्रेड डील लागू होने पर कृषि पर उल्टा असर पड़ेगा। इससे किसानों की उपज, बाजार व्यवस्था और आय प्रभावित होगी। आंदोलन आगे बढ़ाने की चेतावनी यदि सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो आंदोलन को आगे भी जारी रखा जाएगा। भाकियू अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी का कहना है कि संगठन किसानों के हितों से जुड़े मुद्दों पर वे पीछे नहीं हटेंगे और जरूरत पड़ी तो विरोध प्रदर्शन को और तेज किया जाएगा। 21 जुलाई को दिल्ली कूच करेंगे।