समाचार · मध्य प्रदेश
पचमढ़ी गैंगरेप केस में पुलिस वाहन रोकने वालों पर केस:9 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा का मामला, आक्रोशित भीड़ आरोपियों को वाहन से बाहर खींचने पर अड़ी थी
नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में नाबालिग से गैंगरेप के मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को कोर्ट ले जाते समय पुलिस वाहन रोकने और पुलिसकर्मियों से झूमाझटकी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई की है। वीडियो फुटेज के आधार पर पचमढ़ी थाने में 9 लोगों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस वाहन रोककर आरोपियों को उतारने की मांग बुधवार दोपहर करीब 3 बजे पचमढ़ी थाना प्रभारी गोपाल घोसले पुलिस स्टाफ के साथ गैंगरेप के तीनों आरोपियों को पिपरिया कोर्ट ले जा रहे थे। इसी दौरान पचमढ़ी बाजार में आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन को रोक लिया। भीड़ ने आरोपियों को वाहन से बाहर निकालने और उनका जुलूस निकालने की मांग की। पुलिसकर्मियों ने भीड़ को समझाने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान कुछ लोगों की जवानों से झूमाझटकी हो गई। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को आरोपियों को वाहन से उतारकर कुछ दूरी तक पैदल ले जाना पड़ा। बाद में तीनों आरोपियों को पिपरिया कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए गए। वीडियो से हुई 9 लोगों की पहचान एएसपी अभिषेक राजन के अनुसार, पुलिस वाहन रोकने की घटना का वीडियो सामने आने के बाद उसमें मौजूद लोगों की पहचान की गई। पुलिस ने सौरभ गायकवाड़, पुरुषोत्तम नागवंशी, विश्वेश्वर नागवंशी, सम्राट वेन, संजय कोरी, आकाश, कौशल घुड़ेले, रमेश त्रिपाठी और शोभू श्रीवास के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा का केस दर्ज किया है। एसपी सांई कृष्णा एस थोटा ने कहा कि आक्रोश जताने का तरीका कानून के दायरे में होना चाहिए। पुलिस के काम में बाधा डालने या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। 17 वर्षीय नाबालिग से गैंगरेप का आरोप मामला 19 अगस्त का है। पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय नाबालिग अपने दोस्त के साथ पचमढ़ी में घूम रही थी। इसी दौरान जिप्सी चालक हरिओम ने उनकी फोटो ले ली और कथित तौर पर उन्हें ब्लैकमेल करने लगा। आरोप है कि बाद में हरिओम, पवन बंसल और अभिषेक वंशकार दोनों को घुमाने के बहाने अपने साथ ले गए। एक स्थान पर आरोपियों ने नाबालिग के दोस्त को जिप्सी से बांध दिया और उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के पांच दिन बाद पीड़िता अपनी बहन के साथ पुलिस के पास पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पिपरिया से महिला सब-इंस्पेक्टर मोनिका सिंह पचमढ़ी पहुंचीं और पीड़िता के बयान दर्ज किए। तीन आरोपी गिरफ्तार, सामान जब्त पुलिस ने हरिओम कुशवाह, पवन बंसल और अभिषेक वंशकार के खिलाफ BNS की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। तीनों आरोपियों को 24 अगस्त की रात गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने आरोपियों को एक दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की। जांच के दौरान घटना में इस्तेमाल जिप्सी, रस्सी और आरोपियों के कपड़े भी जब्त किए गए हैं। जिप्सी चालक और होटल कर्मचारी हैं आरोपी पुलिस के अनुसार, आरोपी हरिओम कुशवाह जिप्सी चलाता था और वर्तमान में पचमढ़ी के नालंदा टोला में रहता है। उसकी जिप्सी जिप्सी यूनियन में रजिस्टर्ड नहीं बताई गई है। वहीं, पवन बंसल की पचमढ़ी में ससुराल है। पवन और अभिषेक वंशकार यहां काम करते थे। पुलिस अब मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।