Saturday, 10 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · दिल्ली

दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशन बंद होने से आम लोगों पर क्या असर पड़ेगा?

INT News9 October 2026 at 06:46 pm

Delhi Metro 57 Stations Closed: सुबह ऑफिस जाने की जल्दी हो, बच्चों को स्कूल छोड़ना हो या शाम को घर लौटते समय बाजार से सामान लेना हो, दिल्ली-एनसीआर में रहने वाले लाखों लोगों का रोज का सफर मेट्रो पर टिका है. दिल्ली की नेहा भी हर दिन मेट्रो से ऑफिस जाती है. इससे उसका समय और पैसे दोनों बचते हैं. लेकिन अगर अचानक किसी स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट बंद मिले, तो दिनभर का प्लान बिगड़ सकता है.

57 स्टेशनों पर क्यों बंद रहेगी एंट्री और एग्जिट?

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन से पहले दिल्ली मेट्रो के 57 स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद करने का फैसला लिया गया है. यह व्यवस्था 9 अक्टूबर 2026 की रात 9 बजे से लागू होगी. 10 अक्टूबर को भी अगले आदेश तक इन स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रहेंगे. दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के लिए यह कदम उठाने को कहा है. जरूरत पड़ने पर कुछ रूट पर मेट्रो की संख्या भी कम की जा सकती है.

दिल्ली मेट्रो के किन 57 स्टेशनों पर बंद रहेगी एंट्री?

रेड लाइन: इंद्रलोक, शाहदरा, रिठाला, रोहिणी ईस्ट, रोहिणी वेस्ट, कन्हैया नगर, नेताजी सुभाष प्लेस, सीलमपुर और वेलकम.

येलो लाइन: गुरु तेग बहादुर नगर, आजादपुर, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी, हैदरपुर बादली मोड़, विश्वविद्यालय, विधानसभा, सिविल लाइंस, कश्मीरी गेट, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, लोक कल्याण मार्ग, चावड़ी बाजार, राजीव चौक, नई दिल्ली, सेवा तीर्थ, दिल्ली हाट आईएनए, हौज खास, जोर बाग और अर्जनगढ़.

ब्लू लाइन: आरके आश्रम मार्ग, झंडेवालान, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, करोल बाग और राजेंद्र प्लेस. वॉयलेट लाइन: जामा मस्जिद, जनपथ, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, जंगपुरा और लाजपत नगर.

पिंक लाइन: आश्रम, सराय काले खां-निजामुद्दीन, मजलिस पार्क, शालीमार बाग, मौजपुर-बाबरपुर, जाफराबाद, यमुना विहार और खजूरी खास.

मैजेंटा लाइन: कालिंदी कुंज, जसोला विहार शाहीन बाग, जामिया मिलिया इस्लामिया और ओखला विहार.

ऑरेंज लाइन: शिवाजी स्टेडियम.

स्टेशन बंद होने से कैसे बढ़ेगी परेशानी?

मान लीजिए, कोई रोज एक ही स्टेशन से मेट्रो पकड़कर ऑफिस जाता है. अगर वह स्टेशन बंद हो जाए, तो उसे दूसरे स्टेशन तक पहुंचने के लिए बस या ऑटो लेना पड़ सकता है. इससे समय और किराया दोनों बढ़ सकते हैं. कैब लेना हर किसी के लिए आसान नहीं है. ऐसे में ऑफिस पहुंचने में देर हो सकती है और घर लौटने का समय भी बिगड़ सकता है.

दिल्ली, नोएडा और गुरुग्राम जाने वालों को क्या करना होगा?

दिल्ली से नोएडा और गुरुग्राम जाने वाले लोगों को भी अपना रास्ता बदलना पड़ सकता है. राजीव चौक, हौज खास और अर्जनगढ़ जैसे स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद होने से कई यात्रियों को दूसरे रास्ते तलाशने होंगे. जामा मस्जिद, कश्मीरी गेट और जनपथ घूमने जाने वाले लोगों को भी वहां पहुंचने में ज्यादा समय लग सकता है.

प्रदर्शन के बीच आम लोगों की परेशानी भी जरूरी

कॉकरोच जनता पार्टी ने 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने का ऐलान किया है. पार्टी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है. शांतिपूर्ण प्रदर्शन के जरिए अपनी बात रखना लोकतंत्र का हिस्सा है. वहीं, लोगों की सुरक्षा का ध्यान रखना पुलिस की जिम्मेदारी है. लेकिन इस प्रदर्शन में शामिल नहीं होने वाले लोगों का रोज का काम भी प्रभावित हो सकता है. मेट्रो के कुछ स्टेशन बंद होने पर बस, ऑटो और कैब में भीड़ बढ़ सकती है. इससे सड़कों पर जाम लगने की आशंका भी है. दिल्ली-एनसीआर में मेट्रो को लाइफलाइन कहा जाता है, क्योंकि यह रोज लोगों को ऑफिस, कॉलेज, अस्पताल और घर तक पहुंचाती है.

सफर पर निकलने से पहले क्या ध्यान रखें?

मेट्रो से सफर करने वालों के लिए जरूरी है कि वे घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी ले लें. अगर उनका स्टेशन बंद है, तो दूसरे स्टेशन या बस का रास्ता देख लें. इससे समय बच सकता है और आखिरी समय में होने वाली परेशानी से भी बचा जा सकता है.

यह भी पढ़ें: 10 अक्टूबर को दिल्ली में क्या खुला और क्या बंद? मेट्रो, ट्रेन से लेकर स्कूल तक; घर से निकलने से पहले पढ़ लें पूरी लिस्ट

अगर आप भी में कुछ कहना चाहते हैं या अपनी कहानी बताना चाहते हैं, रेसिपी बताना चाहते हैं या ब्यूटी टिप्स शेयर करना चाहते हैं, तो हमें lifestyle.digital@.in पर लिख भेजिए. हम जल्द ही आपकी स्टोरी प्रकाशित करेंगे.