समाचार · मध्य प्रदेश
DIG बंगले के सामने निकला 6 फीट का सांप:सर्पमित्र ने एक मिनट में पकड़ा, मौके पर लोगों की भीड़ जमा हुई
छतरपुर में गुरुवार को शहर के एक व्यस्त मार्ग पर लगभग 6 फीट लंबा नाग निकलने से कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। यह घटना डीएफओ कार्यालय, डीआईजी बंगले और भाजपा कार्यालय के सामने हुई। मुख्य सड़क पर सांप को देखकर राहगीरों और वाहन चालकों की भीड़ जमा हो गई, जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, समय रहते हुए सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। एक मिनट में सांप को पकड़ा
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग ने तत्काल सर्पमित्र आकाश सिंह राठौर को मौके पर बुलाया। राठौर ने पहुंचते ही फुर्ती से कार्रवाई की और महज एक मिनट के भीतर नाग को सुरक्षित पकड़ लिया। इसके बाद वन विभाग की टीम ने पकड़े गए नाग को उसके प्राकृतिक आवास, जंगल में ले जाकर छोड़ दिया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान सड़क पर कुछ देर के लिए लोगों की भीड़ लगी रही। सर्पमित्र की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के कारण स्थिति जल्द ही सामान्य हो गई और यातायात भी सुचारु रूप से चलने लगा। रेस्क्यू के बाद सर्पमित्र आकाश सिंह राठौर ने आम जनता से अपील की। उन्होंने बताया कि बारिश के मौसम में सांप और अन्य वन्यजीव भोजन तथा सुरक्षित स्थान की तलाश में अक्सर रिहायशी इलाकों में आ जाते हैं। ऐसी स्थिति में लोगों को घबराना नहीं चाहिए और न ही उन्हें मारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने सलाह दी कि तुरंत डायल-112 या वन विभाग को सूचित करें, ताकि वन्यजीवों का सुरक्षित रेस्क्यू किया जा सके और किसी भी प्रकार की जनहानि से बचा जा सके।