Friday, 24 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

बैरिकेडिंग तोड़ गांधी स्मृति पहुंचे राहुल गांधी और विपक्षी नेता, पेपर लीक के पीड़ित छात्रों को दी श्रद्धांजलि

INT News23 July 2026 at 08:24 pm

राहुल गांधी की अगुआई में विपक्ष के नेता बस में सवार होकर गांधी स्मृति पहुंचे. जहां उन्होंने पेपर लीक की वजह से जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान कांग्रेस नेता अलका लांबा ने कहा, "राहुल गांधी पिछले दो सालों से छात्रों को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठा रहे हैं, जब पिछली बार पेपर लीक हुआ था, तब भी उन्होंने आवाज उठाई थी, लेकिन यह सरकार सुनने को तैयार नहीं है. प्रधानमंत्री संसद नहीं आए, तो हम किससे बात करें? आज इंटरनेट बंद कर दिया गया, मेट्रो स्टेशन बंद कर दिए गए, NSA लागू कर दिया गया और दुकानें बंद करने का आदेश दिया गया. आखिर क्या होने वाला है? हमें छात्रों की चिंता है. यही संदेश देने के लिए राहुल गांधी 30 जनवरी लेन आए हैं; वही विचारधारा जिसने महात्मा गांधी पर हमला किया था, आज छात्रों पर हमला कर रही है."

"महात्मा गांधी ने जो किया, और हमारे किसानों और गरीबों ने जो किया, वह सचमुच एक अनोखी क्रांति थी. एक सचमुच अनोखा आंदोलन क्योंकि इसमें किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया गया. आज, उसी देश में, आप बच्चों को इसलिए पीट रहे हैं क्योंकि वे अपने अधिकारों की मांग कर रहे हैं. तो, हम सब देख रहे हैं कि कितनी गलत चीजें हो रही हैं, और हमारे देश का लोकतंत्र, जिसके लिए गांधीजी शहीद हुए, जिसके लिए इतने सारे लोग शहीद हुए. आज, उसी देश में, हम देख रहे हैं कि लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है. जो लोग वर्दी पहनते हैं, जो आपकी सीमाओं पर खड़े होते हैं. किसलिए? ताकि उनके बच्चों को पीटा जा सके? क्यों? क्योंकि उनके परीक्षा के पेपर लीक हो रहे हैं. वे इसके लिए अपने अधिकारों और न्याय की मांग कर रहे हैं." कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा

गांधी स्मृति जा रहे राहुल गांधी ने बस के अंदर से एक वीडियो जारी किया. जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी नेताओं की बस को आगे जाने से रोका गया. राहुल ने कहा, "यह क्या हो रहा है? छात्रों के समर्थन में हम विपक्षी सांसदों को इंडिया गेट ले जाना चाहते थे. लेकिन उन्होंने मना कर दिया. फिर हम उन्हें तीस जनवरी मार्ग ले जाना चाहते थे, जहां गांधीजी की हत्या हुई थी. और अब उन्होंने हमारे सामने यह बस खड़ी कर दी है, है ना? और उन्होंने बैरिकेड्स लगा दिए हैं और इस तरफ एक बस खड़ी कर दी है. इसलिए हम जा नहीं सकते. और वे ड्रामा कर रहे हैं. जाहिर है, वे डरे हुए हैं. हमें लगा, सभी सांसदों को लगा कि अगर छात्र सड़कों पर हैं, तो हमें भी सड़कों पर होना चाहिए."

राहुल गांधी के आवास के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा

राहुल गांधी के आवास के बाहर हाई वोल्टेज ड्रामा हुआ. INDIA ब्लॉक की बैठक खत्म होने के विपक्ष के नेता बस में सवार होकर गांधी स्मृति के लिए रवाना हुए. लेकिन वहां मौजूद पुलिस बल ने बस को रोक दिया. जिसपर विपक्षी नेताओं ने विरोध शुरू कर दिया. काफी देर झड़प के बाद विपक्षी नेताओं की बस राहुल गांधी के आवास से गांधी स्मृति के लिए रवाना हुई. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी जिंदाबाद के नारे लगाए. बस में सवार राहुल गांधी का एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें वो काफी खुश नजर आ रहे हैं.

गांधी स्मृति के बाहर NSUI के सदस्यों ने राहुल गांधी के समर्थन में लगाए नारे

NSUI के सदस्य गांधी स्मृति के बाहर लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के समर्थन में नारे लगाए.

कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने कहा, "हम जहां भी जाएं, यह देश हमारा है. ये लोग पुलिस बुलाकर हमें डरा-धमका रहे हैं. हम इससे डरते नहीं हैं." जबकि वरिष्ठ नेता पी चिदंबरम ने कहा, "मुझे बताया गया है कि हम गांधी स्मृति की ओर जा रहे हैं."

राहुल गांधी के आवास के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

राहुल गांधी के आवास पर विपक्षी नेताओं की बैठक को देखते हुए सुनहरी बाग क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं. रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) की बसें और भारी संख्या में दिल्ली पुलिस के जवान तैनात रहे. यह इलाका गृह मंत्री अमित शाह और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के सरकारी आवासों के काफी करीब है.

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचे

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के आवास के बाहर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता वहां पहुंच गए हैं. पुलिस ने बैरिकेड्स लगा रखा है. जिसे कार्यकर्ता लगातार हटाने की कोशिश में जुटे हैं.

INDIA ब्लॉक की एकजुटता और चाय पे चर्चा

राहुल गांधी के आवास पर आयोजित इस बैठक में विपक्ष के कई वरिष्ठ नेता पहुंचे. इनमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, पी चिदंबरम, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश, रेणुका चौधरी, प्रमोद तिवारी, एनसीपी (एसपी) सांसद सुप्रिया सुले और राजद सांसद मीसा भारती शामिल थीं. इसके अलावा टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा और कल्याण बनर्जी, सीपीआई सांसद पी. संदोष कुमार और शिवसेना (यूबीटी) सांसद अरविंद सावंत भी बैठक में मौजूद रहे. जब मल्लिकार्जुन खरगे से बात की गई, तो उन्होंने कहा, "राहुल गांधी ने हमें चाय पर बुलाया था, इसलिए हम सब चाय पीने आए हैं." वहीं, रेणुका चौधरी ने इसे विपक्ष की एकजुटता का संकेत बताते हुए कहा कि पूरा इंडिया ब्लॉक इस मुद्दे पर एक साथ मिलकर लड़ाई लड़ रहा है.

दिल्ली में 'आपातकाल' जैसा माहौल: कांग्रेस

सुरक्षा बल के भारी पहरे पर कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने कहा, "पूरी दिल्ली में आपातकाल जैसी स्थिति बना दी गई है. सरकार ऐसा माहौल बना रही है जैसे कोई युद्ध छिड़ा हुआ हो."

भावी रणनीति का खुलासा कर देंगे, तो दुश्मन सतर्क हो जाएगा : अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने कहा, "अगर हम अपनी भावी रणनीति का खुलासा कर देंगे, तो दुश्मन सतर्क हो जाएगा. अमित शाह की पुलिस पहले से ही यहाँ तैनात है, लेकिन हम लड़ेंगे और जीतेंगे." कांग्रेस सांसद जोतिमणि ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष से मिलने पर सरकार का इस कदर घबरा जाना उनकी बौखलाहट को दर्शाता है.

शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

विरोध प्रदर्शन के बीच विपक्षी नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को और तेज कर दिया है. रणदीप सिंह सुरजेवाला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा होना ही चाहिए. राजद सांसद मनोज झा ने देश के युवाओं में बढ़ते असंतोष पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा, "जंतर-मंतर से लेकर देश के अलग-अलग राज्यों में छात्र सड़कों पर हैं. युवाओं में भारी आक्रोश है और हम देश के हालात देखकर बेहद चिंतित हैं."

ये भी पढ़ें: Video: मीडिया के सवाल पर भड़कीं प्रियंका गांधी, बोलीं- आप सरकार के जाल में फंसे हुए हैं

ये भी पढ़ें:  CJP प्रोटेस्ट के दौरान बच्ची का Video Viral: सरकार से पूछे सवाल, बोली- जवाबदेही मांगने पर मिल रही लाठियां

ये भी पढ़ें:  CJP प्रोटेस्ट के बीच PM मोदी का ऐलान: युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले बचेंगे नहीं, बनेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट