Wednesday, 9 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

गुरदासपुर में पानी मांगने के बहाने घर में घुसे बदमाश:बुजुर्ग महिला के कानों से सोने की बालियां झपटकर फरार; वारदात CCTV में कैद

INT News9 September 2026 at 01:49 pm

गुरदासपुर जिले के दीनानगर विधानसभा क्षेत्र के गांव अवांखा स्थित छापर पीर कॉलोनी में दिनदहाड़े एक बुजुर्ग महिला से सोने की बालियां छीनने का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी हुए गहनों की बरामदगी की मांग की है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित महिला कुशाल्या देवी पत्नी शिव दयाल, जिला पठानकोट के गांव रतरामा की रहने वाली हैं। वह अपनी बेटी से मिलने के लिए अवांखा कॉलोनी आई हुई थीं। बताया जा रहा है कि दोपहर के समय मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक उनके घर पहुंचे और पानी पीने के बहाने अंदर घुस गए। परिवार के सदस्यों के मुताबिक, घर में प्रवेश करते ही युवकों ने बुजुर्ग महिला के कानों में पहनी सोने की बालियां झपट लीं और तुरंत मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए। घटना के बाद परिवार ने शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी आंखों से ओझल हो चुके थे। घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल पर जाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।