Sunday, 4 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · पंजाब

अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या, गैंगस्टर गोल्डी और जग्गा ने ली जिम्मेदारी

INT News3 October 2026 at 11:53 pm

पंजाब के अमृतसर में मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात लोगों ने मेकअप आर्टिस्ट और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की शनिवार को गोली मारकर हत्या कर दी. घटना लोहारका रोड पर हुई, जहां मैड संधू को दो गोलियां लगीं. गंभीर हालत में उन्हें तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.

गैंगस्टर गोल्डी और जग्गा ने ली जिम्मेदारी

मैड संधू की हत्या की जिम्मेदारी यूके में बैठे गैंगस्टर ने ली है. गोल्डी ढिल्लों और जग्गा तरनतारन ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए हत्या करवाने का दावा किया है.

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. डीसीपी प्रभजोत सिंह वीरक ने बताया कि पुलिस को मामले में कुछ अहम सुराग मिले हैं. उन्होंने कहा कि आरोपियों तक पहुंचने और मामले को जल्द से जल्द सुलझाने के प्रयास किए जा रहे हैं.

परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और शुरुआती जांच शुरू कर दी है. पुलिस गोलीबारी के पीछे की वजह और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है.

पॉडकास्ट में खुलकर रखते थे अपनी बात

मधुसूदन संधू पॉडकास्ट के जरिए भी लोगों के बीच काफी चर्चित थे. वह मेकअप, फिल्म इंडस्ट्री और जेंडर से जुड़े मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखते थे. सोशल मीडिया पर उनकी सार्वजनिक मौजूदगी को लेकर उन्हें कई बार होमोफोबिक टिप्पणियों और ट्रोलिंग का भी सामना करना पड़ा था.

पुलिस फिलहाल हत्या के कारण और हमलावरों की पहचान का पता लगाने में जुटी है.

सो रही है पंजाब की भगवंत मान सरकार : पंजाब कांग्रेस

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मैड संधू की गोली मारकर हत्या के मामले पर पंजाब कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राज कुमार वेरका ने AAP सरकार पर हमला बोला है. उन्होंने कहा, आज अज्ञात हमलावरों ने मैड संधू की गोली मारकर हत्या कर दी. हैरानी की बात यह है कि सरकार सो रही है; कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है. पंजाब में डर का माहौल है—लोग इसके साये में जी रहे हैं। वहीं दूसरी ओर, भगवंत मान की सरकार बड़े-बड़े होर्डिंग लगाकर खुद को 'शानदार सरकार' और 'ईमानदार सरकार' बता रही है! असल में, यह एक बेईमान सरकार है. फिर भी, यह हैरानी की बात है कि न तो अरविंद केजरीवाल और न ही भगवंत मान ने इस बारे में एक शब्द भी कहा.