Tuesday, 3 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

राजनांदगांव से बालोद आ रही बस में लगी आग:अंदर रखे एक लाख के पटाखे फूटे, 15 से ज्यादा यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

INT News2 November 2026 at 11:35 pm

राजनांदगांव से बालोद आ रही सुपर आनंद ट्रेवल्स की यात्रियों से भरी बस सोमवार रात मालीघोरी के पास अचानक जलने लगी। बस से धुआं उठता देख ड्राइवर ने गाड़ी रोककर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन कुछ ही मिनटों में आग पूरी बस में फैल गई। परिचालक ने आवाज लगाकर यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा। सभी यात्री जल्दबाजी में बस से बाहर निकले और अपनी जान बचाई। देखते ही देखते बस आग की लपटों में घिर गई। बस में रखे एक लाख रुपए से ज्यादा कीमत के पटाखे भी फूटने लगे। करीब आधे घंटे तक पटाखों के धमाकों की आवाज आती रही। राहत की बात रही कि इस हादसे में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। डिक्की और सीटों के बीच कार्टून में रखे थे पटाखे जानकारी के अनुसार, सुपर आनंद ट्रेवल्स की 50 सीटर बस (CG 08 4455) राजनांदगांव से बालोद आ रही थी। रात करीब 8 बजे ग्राम मालीघोरी में नवोदय विद्यालय और कोल्ड स्टोरेज के पास बस पहुंची, तभी ड्राइवर के पास से धुआं निकलने लगा। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। बस की डिक्की और यात्रियों की सीटों के बीच बड़े-बड़े कार्टून में एक लाख रुपए से ज्यादा के पटाखे रखे हुए थे। आग लगते ही पटाखे फूटने लगे। स्काई शॉट, अनार और रॉकेट जैसे पटाखे धमाकों के साथ जलने लगे और बस से बाहर निकलने लगे। जान बचाने के लिए बस से कूदे यात्री, सामान जलकर खाक आग तेजी से फैलने के कारण यात्रियों को अपना सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला। सभी लोग जल्दबाजी में बस से नीचे उतरे। यात्रियों के बैग और दूसरे सामान बस के अंदर ही जल गए। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा के मुताबिक, बस में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं। हालांकि, उनका सामान जल गया है। नुकसान का पूरा आकलन जांच के बाद किया जाएगा। मामले में अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। बसों की सुरक्षा पर उठे सवाल यात्रियों का आरोप है कि कई बसों की हालत ठीक नहीं है, फिर भी उनका संचालन किया जा रहा है। बस में यात्रियों के साथ पटाखे जैसी ज्वलनशील चीजें ले जाने का मामला भी सामने आया है। ऐसे में बसों की फिटनेस और सुरक्षा जांच के साथ ज्वलनशील सामान ले जाने पर भी सख्ती जरूरी है।