हिसार के रेड स्क्वेयर मार्केट स्थित होटल डिजायर में आग लग गई है। आग ने पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया है। बताया जा रहा है कि आग होटल के किचन से भड़की। देखते ही देखते आग होटल की चौथी मंजिल तक पहुंच गई, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। आग इतनी तेज थी कि होटल में लगे एसी फटने लगे। इसके अलावा होटल की पार्किंग में खड़े वाहन आग की चपेट में आ गए। इसके बाद लोगों ने वहां खड़ी गाड़ियों को हटाया। आग की सूचना पाकर फायर ब्रिगेड की 6 गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पायचा। होटल से सटी बिल्डिंग्स को भी एहतियात के तौर पर खाली करा लिया गया। इस दौरान होटल से सटी बिल्डिंग में एक युवती भी फंस गई, जिसे स्थानीय लोगों ने सड़क पर कंबल लगाकर दूसरी मंजिल से जंप करवाकर बचाया। इस दौरान बिल्डिंग से गिरी ईंट महिला के सिर में लग गई। इससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। 5 किमी दूर से धुएं का गुबार देखा गया। होटल डिजायर में लगी आग के कुछ PHOTOS…. पॉश एरिया में होटल, मच गई अफरा तफरी जिस होटल डिजायर में यह आग लगी, वह पॉश एरिया रेड स्क्वेयर मार्केट है। यहां कई कंपनियों के शोरूम, होटल और कॉमर्शियल बिल्डिंग है। होटल डिजायर हिसार के रामपुर के रहने वाले शुभम शर्मा का है, जिसमें 15 कमरे हैं। बुधवार शाम करीब चार बजे होटल के कीचन में शॉर्ट सर्किट से यह आग भड़की। उस वक्त वहां मौजूद 5 कर्मचारियों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। इसके बाद उन्होंने शोर मचाते हुए भाग कर जान बचाई। ग्राहक भी भागे, कुछ वाहन आग की चपेट में आए इसके बाद आग तेजी से फैलने लगी, जिसे देख वहां मौजूद ग्राहक भी बाहर की तरफ भागने लगी। गनीमत रही कि जब तक आग भीषण रूप धारण करती, होटल स्टाफ और ग्राहक बाहर आ चुके थे। इसके बाद तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की छह गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। इस दौरान होटल के बाहर पार्किंग में खड़े कुछ वाहन भी आग की चपेट में आ गए। फटने लगे एसी, आग ने पूरे होटल को चपेट में लिया किचन से शुरू हुई आग ने कुछ ही देर में पूरे होटल को अपनी चपेट में ले लिया। होटल की चौथी मंजिल तक आग पहुंच गई। होटल के कमरों में लगे एसी भी आग की चपेट में आकर फटने लगी। होटल की आग से उठ रहा धुआं आसपास के इलाके में फैल गया। इस देखते हुए पुलिस ने होटल के आसपास की बिल्डिंगों को तुरंत खाली करा लिया। हालांकि, आग लगती देख आसपास की बिल्डिंगों में काम करने वाले ज्यादातर लोग और दुकानदार खुद ही बाहर आग गए थे। पढ़िए युवती को कैसे रेस्क्यू किया…. ऑफिस में फंसी युवती: प्रत्यक्षदर्शी दीपक चोपड़ा ने बताया कि इस बिल्डिंग में DSA बैंक का ऑफिस भी बना है। घटना के समय एक लड़की ऑफिस में काम कर रही थी। आग लगने के बाद युवती को कॉल किया गया, मगर कॉल वेटिंग में जा रही थी। चादर पर कुदाकर रेस्क्यू किया: दीपक ने बताया कि कुछ देर बाद युवती ने कॉल पिक किया। उस समय युवती काफी घबराई हुई थी। ऑफिस की सीढ़ियों तक भी आग फैल चुकी थी। इसके बाद उसे दूसरी मंजिल से कूदने के लिए कहा। हम पास के ही एक अन्य होटल से कुछ कंबल लेकर आए, जिस पर युवती को जंप करवाकर रेस्क्यू किया। आग बुझाते वक्त ईंट गिरी, महिला घायल : जिस वक्त होटल में आग बुझाने का काम चल रहा था, इसी दौरान ऊपर से एक ईंट गिरी। इससे होटल के पीछे बने घर में रहने वाली पुष्पा के सिर पर गहरी चोट आई। उन्हें तुरंत एंबुलेंस से अस्पताल ले जाया गया।
हिसार के 4 मंजिला होटल में भीषण आग,VIDEO:AC में तेज धमाके, दूसरी मंजिल से कूदी युवती; आसपास की बिल्डिंग खाली कराईं
