पानीपत में लिफ्ट देने के बहाने पूर्व सहकर्मी से रेप:बहाने से अपने घर ले गया युवक, नाबालिग बहन से भी छेड़छाड़

Spread the love

पानीपत में एक युवक ने साथ काम करने वाली अपनी पूर्व सहकर्मी को घर छोड़ने के बहाने लिफ्ट दी और नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ रेप किया। आरोपी की दरिंदगी यहीं नहीं रुकी, उसने बाद में पीड़िता की नाबालिग छोटी बहन के साथ भी छेड़खानी की और विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। थक-हारकर पीड़िता ने मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी और 29 अप्रैल को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी अनमोल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 64(1) (दुष्कर्म), 78 (छेड़खानी), 351(3) (जान से मारने की धमकी) और पॉक्सो एक्ट की धारा 8 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। लिफ्ट देने के बहाने रची साजिश घटना की शुरुआत नवंबर 2025 में हुई थी। पीड़िता ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि वह एक फैक्ट्री में काम करती थी। वहीं पर अनमोल नामक युवक भी काम करता था, जिससे उसकी जान-पहचान थी। 24 नवंबर 2025 को जब पीड़िता फैक्ट्री से काम खत्म कर अपने घर लौट रही थी, तो अनमोल अपनी बाइक लेकर आया और उसे घर छोड़ने की बात कही। परिचित होने के कारण युवती उसकी बाइक पर बैठ गई। आरोप है कि अनमोल उसे घर छोड़ने के बजाय उसकी मर्जी के खिलाफ अपने घर ले गया। वहां उसने पीड़िता को कोल्ड ड्रिंक पिलाई, जिसमें कथित तौर पर नशीला पदार्थ मिला हुआ था। नशीला पदार्थ पिलाकर किया रेप पीड़िता ने बताया कि कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद वह बेसुध हो गई। जब उसे होश आया, तो वह निर्वस्त्र अवस्था में थी। आरोपी ने उसकी बेहोशी का फायदा उठाकर उसके साथ जबरन रेप किया था। होश में आने पर जब पीड़िता ने विरोध किया, तो आरोपी ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। लोक-लाज और डर के कारण उस समय पीड़िता ने यह बात किसी को नहीं बताई। अब नाबालिग छोटी बहन को बनाया निशाना वारदात के बाद भी आरोपी का हौसला कम नहीं हुआ। वह लगातार पीड़िता का पीछा करता रहा और उस पर गलत संबंध बनाने का दबाव डालता रहा। हद तो तब हो गई, जब 25 अप्रैल को आरोपी पीड़िता के कमरे पर पहुंच गया। उस समय पीड़िता अपनी नाबालिग छोटी बहन के साथ मौजूद थी। आरोपी ने न केवल पीड़िता के साथ अभद्रता की, बल्कि उसकी छोटी बहन के साथ भी छेड़खानी शुरू कर दी। जब दोनों बहनों ने शोर मचाया, तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देता हुआ, मौके से फरार हो गया।