यूपी के 4 लोगों की ट्रेन से कटकर मौत:मध्यप्रदेश में मोबाइल फटने की अफवाह से उतरे, दूसरी ट्रेन की चपेट में आए

Spread the love

मध्य प्रदेश के मुरैना में हुए ट्रेन हादसे में यूपी के 4 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में मां-बेटे भी शामिल हैं। मोबाइल ब्लास्ट से आग लगने की अफवाह के बाद उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से कुछ यात्री घबराकर नीचे उतर गए। इसी दौरान 4 यात्री दूसरी ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसे में मेरठ की रहने वाली कंचन सिंह (25) पत्नी मोहित सिंह, आगरा के रुनकता निवासी शकुंतला सिंह (60) पत्नी भूरा सिंह, आगरा निवासी आफरीन (35) पत्नी नदीम और असद (4) पुत्र नदीम खान की मौत हुई है। आफरीन और असद मां-बेटे थे। रेलवे मैनेजमेंट के अनुसार, हादसा उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल के हेतमपुर-धौलपुर रेलखंड पर हुआ। गाड़ी संख्या- 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस रविवार करीब 4:15 बजे हेतमपुर और धौलपुर स्टेशन के बीच चेन पुलिंग के कारण बीच सेक्शन में रुक गई थी। हादसे से जुड़ी 2 तस्वीरें देखिए… चेन पुलिंग और अफवाह से उतरकर भागे यात्री रेलवे के अनुसार, कोच में अलार्म चेन पुलिंग (ACP) की गई थी। इस कारण ट्रेन बीच सेक्शन में रुक गई। इसी दौरान ट्रेन के एक कोच में मोबाइल ब्लास्ट जैसी अफवाह फैल गई। इससे यात्रियों में दहशत फैल गई। कई यात्रियों ने जल्दबाजी में ट्रेन से उतरना शुरू कर दिया। ट्रैक पर उतरे और दूसरी ट्रेन की चपेट में आए उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से उतरे कुछ यात्री पास की अप-लाइन पर पहुंच गए। इसी दौरान गाड़ी संख्या- 20424 फिरोजपुर-सिवनी पातालकोट एक्सप्रेस वहां से तेज रफ्तार में गुजर रही थी। ट्रैक पर मौजूद 4 यात्री उसकी चपेट में आ गए। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मोबाइल ब्लास्ट की सूचना के बाद घबराए यात्री बागेश्वर धाम से लौट रही यात्री पूजा के अनुसार, कोच में मोबाइल ब्लास्ट की अफवाह फैलते ही अफरा-तफरी मच गई। चेन पुलिंग के बाद ट्रेन रुकते ही यात्री घबराकर नीचे उतर गए और ट्रैक की ओर भागने लगे। घटना की सूचना मिलते ही RPF, GRP और स्थानीय प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा मुरैना एसपी धर्मराज मीणा ने बताया- हमारी टीम सराय छोला और सिविल लाइन क्षेत्र में रेत भंडारण पर कार्रवाई कर रही थी। इसी दौरान एक चरवाहे ग्रामीण से सूचना मिली कि ट्रेन रुकी हुई है और कोई घटना हुई है। सूचना मिलते ही दोनों पुलिस टीमें मौके के लिए रवाना की गईं। यह घटना धौलपुर और मुरैना सीमा क्षेत्र में हुई है। सभी शवों को कब्जे में ले लिया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है। मृतकों के परिजन को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। फिलहाल शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जा रहा है। ————————- ये खबर भी पढ़िए- राममंदिर चढ़ावे की जांच के लिए दिल्ली से IPS पहुंचे, 5 आरोपियों से पूछताछ, 2 करोड़ मिले; कटियार बोले- ये सब चोर, जेल जाएंगे अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से चोरी का मामला तूल पकड़ रहा है। सरकार ने जांच के लिए शनिवार को SIT बना दी, जो रविवार रात तक अयोध्या पहुंचेगी। वहीं, 3 दिन पहले ही केंद्र सरकार ने एक IPS अफसर को यहां भेज दिया था। उनकी देख-रेख में चढ़ावा चोरी मामले की गोपनीय जांच चल रही है। हालांकि, इसको लेकर अधिकारी अभी चुप्पी साधे हैं। इधर, चढ़ावा चोरी में अब तक 5 लोगों (लवकुश, अवनीश, अनुकल्प, करुणे और रमाशंकर) के नाम सामने आए हैं। इन लोगों की निशानदेही से अब तक 2 करोड़ रुपए की रिकवरी हुई है। पढ़ें पूरी खबर…