पानीपत शहर के असंध रोड पर मंगलवार रात एक ऑटो मोबाइल की दुकान में अचानक आग लग गई। प्रभाकर अस्पताल के नजदीक स्थित इस दुकान में लगी आग से दुकानदार का कीमती स्पेयर पार्ट जल गया, जबकि मरम्मत के लिए आई ग्राहकों की तीन मोटरसाइकिलें भी पूरी तरह जलकर राख हो गईं। गनीमत रही कि दमकल विभाग की मुस्तैदी से आग को और फैलने से रोक लिया गया। जानकारी के अनुसार, कच्चा कैंप निवासी आफताब पिछले करीब ढाई साल से असंध रोड पर आफताब ऑटो मोबाइल के नाम से दुकान चला रहे हैं। मंगलवार रात करीब नौ बजे आफताब रोज की तरह दुकान बंद कर घर पहुंचे ही थे कि लगभग बीस मिनट बाद पड़ोसियों का फोन आया। उन्होंने बताया कि दुकान से धुएं और आग की लपटें उठ रही हैं। आग ने लिया विकराल रूप सूचना मिलते ही आफताब तुरंत दुकान पर पहुंचे। तब तक आग की लपटों ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था। आग इतनी भीषण थी कि बाहर तक तपिश महसूस की जा रही थी। पड़ोसी दुकानदारों ने तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी। एक दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शॉर्ट सर्किट से लगी आग आग बुझने के बाद जब दुकान का मुआयना किया गया तो प्राथमिक जांच में सामने आया कि बिजली के मुख्य बोर्ड में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी उठी थी। इसी चिंगारी ने वहां रखे ज्वलनशील स्पेयर पार्ट्स और तेल को पकड़ लिया, जिससे आग तेजी से फैल गई। लाखों का नुकसान दुकानदार आफताब ने बताया कि आगजनी में करीब ढाई लाख रुपए का स्पेयर पार्ट और अन्य सामान जलकर राख हो गया। इसके अलावा ग्राहकों की तीन मोटरसाइकिलें भी पूरी तरह जल गईं। इन बाइकों का नुकसान ढाई लाख रुपए से अलग है।
पानीपत में ऑटो मोबाइल की दुकान में लगी आग:बिजली तारों में शॉर्ट सर्किट का अंदेशा; 3 बाइक और लाखों का सामान जला
