झारखंड में एक बार फिर मॉनसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में बने निम्न दबाव और अपर एयर सर्कुलेशन की वजह से राजधानी रांची समेत राज्य के विभिन्न हिस्सों में बुधवार से बारिश का सिलसिला जारी है। मौसम विभाग ने बताया कि यह सिस्टम दक्षिण-पश्चिम की ओर झुक रहा है, जिससे अगले दो दिनों तक झारखंड के 11 से अधिक जिलों में भारी बारिश की संभावना है। 30 से 40 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। इस दौरान रांची, गुमला, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, खूंटी और सरायकेला में भारी से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आंधी-तूफान व वज्रपात से बचने की सलाह दी है। खासकर बारिश के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न होने की अपील की गई है। ऑरेंज और यलो अलर्ट जारी मौसम विभाग ने गुरुवार को पश्चिमी सिंहभूम, गुमला और सिमडेगा जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, लातेहार, लोहरदगा, पलामू, सरायकेला-खरसावां और गढ़वा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान वज्रपात की संभावना भी जताई गई है। विभाग ने लोगों से घरों से अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है। पिछले 24 घंटे में हुई झमाझम बारिश राज्य के कई हिस्सों में पिछले 24 घंटे में झमाझम बारिश दर्ज की गई। पलामू में सबसे ज्यादा 78.4 मिमी बारिश हुई। गढ़वा में 59 मिमी, गुमला में 49.1 मिमी, पूर्वी सिंहभूम में 48.4 मिमी, पाकुड़ में 32 मिमी, धनबाद में 31.6 मिमी, पश्चिमी सिंहभूम में 27 मिमी, खूंटी में 26.8 मिमी और बोकारो में 26 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी रांची में सिर्फ 7.4 मिमी बारिश हुई। कल के बाद तापमान में होगा उतार-चढ़ाव मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। हालांकि, 5 सितंबर के बाद अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री तक बढ़ोतरी हो सकती है। वर्तमान में बारिश की वजह से राजधानी समेत राज्यभर में मौसम सुहावना बना हुआ है। घने बादलों की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट देखी जा रही है।
झारखंड में 5 सितंबर तक बारिश से राहत नहीं:बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव, 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 40km/h चलेगी हवा
